वाराणसी में एयर शो के आयोजन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने शहर में सौंदर्यीकरण और घाटों पर स्वच्छता रखने को लेकर निर्देश दिए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी में प्रस्तावित दौरे और एयर शो के आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए. साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे आयोजन के दौरान आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो. जानकारी कद मुताबिक इस बैठक में वायुसेना के अधिकारी भी मौजूद थे.
अधिकारीयों ने दी जानकारी
बताया जा रहा है कि समीक्षा बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने नमो घाट पहुंचकर प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने घाट पर स्थलीय निरीक्षण कर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और सेना के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की जानकारी दी. अधिकारियों ने परियोजना के मानचित्र के माध्यम से प्रस्तावित व्यवस्थाओं और आयोजन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी.
तीन दिन होगा एयर शो
समीक्षा बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान नमो घाट के साथ गंगा के अन्य प्रमुख घाटों पर भी सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. आपको बता दें कि नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो आयोजित किया जाना प्रस्तावित है. कार्यक्रम के अंतिम दिन 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों का शामिल होना प्रस्तावित है.
स्वयंसेवी संस्थाओं का लिया जाये सहयोग
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान कहा कि शहर में आयोजित होने वाले विभिन्न त्योहारों और कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की योजना बनाई जाए. एयर-शो जैसे बड़े आयोजन में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों, युवक मंगल दल और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाए. उन्होंने इस दौरान सरकारी और निजी अस्पतालों में आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार रखने के भी निर्देश दिए. पार्किंग स्थलों पर पुलिस, यातायात पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए.
घाटों की सफाई पर जोर
मुख्यमंत्री ने नगर निगम को घाटों की विशेष सफाई कराने के साथ शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए. उन्होंने नमो घाट से अस्सी घाट तक घाटों की पेंटिंग कराने को कहा है. इसके साथ ही एयरपोर्ट से शहर तक आने वाले प्रमुख मार्गों और अन्य महत्वपूर्ण सड़कों पर लगे बिजली के खंभों पर स्पाइरल लाइट लगाने तथा प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए.
