China Arunachal Pradesh claim Zangnan: चीन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता चेन शी ने अरुणाचल प्रदेश को लेकर एक बार फिर अपना पुराना दावा दोहराते हुए इसे जांगनान बताया है, जबकि भारत का रुख स्पष्ट है कि अरुणाचल भारत का अभिन्न अंग है. रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक सीमा पर भारत के तेजी से तैयार होते बुनियादी ढांचे, 27 स्थानों के मानक नामकरण और बढ़ती सैन्य क्षमता से चीन की बेचैनी बढ़ी है, हालांकि एलएसी पर शांति के लिए सैन्य व राजनयिक संवाद भी जारी है.

China Arunachal Pradesh claim Zangnan: दुनिया में भारत की बढ़ती आर्थिक रफ्तार और मजबूत होती सैन्य ताकत चीन को चुभ रही है. गुरुवार को चीन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता चेन शी ने अरुणाचल प्रदेश को लेकर एक बार फिर अपना पुराना दावा दोहराया. उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में स्थिति आम तौर पर स्थिर है, लेकिन चीन तथाकथित अरुणाचल प्रदेश को मान्यता नहीं देता और इसे जांगनान बताता है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देश सहमति लागू करने और शांति बनाए रखने के लिए राजनयिक व सैन्य माध्यमों से संपर्क में हैं. भारत का रुख इस मसले पर साफ रहा है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है.
सैन्य बैठक और 8-सूत्री सहमति के बाद आया बयान
चीन का यह बयान 25 नवंबर को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल की टिप्पणी के बाद आया है. जायसवाल ने बताया था कि हाल ही में पूर्वी सेक्टर में दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के बीच बैठक हुई है. इस बैठक में एलएसी पर सीमा प्रबंधन सुधारने, लंबित मुद्दों को सुलझाने और तनाव रोकने पर जोर रहा. इससे पहले अगस्त 2026 में बीजिंग में विशेष प्रतिनिधियों की 25वीं बैठक में 8-सूत्री सहमति बनी थी. इसमें जनरल-स्तरीय बैठकों के लिए दो नए मिलन बिंदु और पूर्वी व मध्य सेक्टर में दो अतिरिक्त सैन्य हॉटलाइन बनाने पर सहमति शामिल थी.
जांगनान शब्द और नाम बदलने की पुरानी चाल
रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक चीन जांगनान शब्द का बार-बार इस्तेमाल कर इसे अंतरराष्ट्रीय चर्चा में लाना चाहता है. उसका मकसद अपने दावे को वैध दिखाने की कोशिश करना है. इसी रणनीति के तहत चीन समय-समय पर अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख के इलाकों के नाम बदलकर सूचियां या नक्शे जारी करता है. भारत ऐसी हर कोशिश को साफ तौर पर खारिज करता आया है. इस साल भारत ने भी इसी शैली में जवाब देते हुए अरुणाचल प्रदेश के 27 स्थानों और भौगोलिक विशेषताओं के मानक नाम तय किए. इनमें 21 भू-क्षेत्र, 4 दर्रे, 1 झील और 1 स्मारक शामिल हैं, जिन्हें भारतीय सर्वेक्षण के आधिकारिक नक्शों पर दर्ज किया गया.
तिब्बत में चीन की बढ़त होती जा रही कम
चीन की बेचैनी की बड़ी वजह सीमा के पास भारत का तेजी से तैयार होता बुनियादी ढांचा भी है. बरसों तक चीन को लगता था कि तिब्बत में सड़कों, रेल और हवाई अड्डों के नेटवर्क से उसे बढ़त मिली हुई है. संकट की स्थिति में वह इसी ढांचे का फायदा उठाने की सोच रखता था. अब भारत भी अपनी सीमा के भीतर सड़कों, पुलों, हवाई अड्डों और बारहमासी सुरंगों का मजबूत जाल बिछा रहा है. जैसे-जैसे ये काम पूरे हो रहे हैं, तिब्बत में चीन की बढ़त कम होती जा रही है.
जवाबी क्षमता से बढ़ी चीनी नेताओं की चिंता
सरहद के पास मजबूत होते संपर्क नेटवर्क ने भारत की परिचालन क्षमता को नई मजबूती दी है. विशेषज्ञ मानते हैं कि अपने क्षेत्र में बेहतर ढांचे से भारत किसी संभावित टकराव में तिब्बत के भीतर जवाबी कार्रवाई करने की स्थिति में आ रहा है. यह बात बीजिंग के रणनीतिकारों और नेताओं को परेशान कर रही है. चूंकि भारत यह सारा विकास अपनी सीमा के अंदर कर रहा है, इसलिए चीन सीधे तौर पर इसे रोक नहीं पा रहा है. इसी वजह से उसके सरकारी बयानों में समय-समय पर नाराजगी और बेचैनी झलकती है.
संवाद और सख्ती के बीच संतुलित रुख
एक तरफ चीन कड़े बयान देकर अपना नैरेटिव आगे बढ़ाने की कोशिश करता है, वहीं दूसरी ओर सीमा पर शांति के लिए सैन्य और राजनयिक संवाद भी जारी है. अगस्त की सहमति के तहत नए मिलन बिंदु और हॉटलाइन जैसी व्यवस्थाएं जमीनी स्तर पर संपर्क बनाए रखने का माध्यम हैं. भारत अपनी संप्रभुता पर बिना समझौता किए सीमा ढांचे को मजबूत कर रहा है और संवाद के जरिए तनाव को काबू में रखने की नीति पर चल रहा है. आने वाले समय में भी सीमा प्रबंधन और कूटनीतिक स्तर पर यह संतुलन अहम बना रहेगा.
