8th pay commission salary: 8वें वेतन आयोग के बाद सैलरी बढ़ोतरी को लेकर कर्मचारियों में उत्सुकता है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक ढांचा सामने नहीं आया है. विशेषज्ञों के अनुसार बढ़ोतरी फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करेगी, जो 1.70 से 2.86 के बीच हो सकता है और इससे सभी लेवल की सैलरी में बड़ा इजाफा संभव है.

8th pay commission salary: 8वें वेतन आयोग को मंजूरी मिलने के बाद केंद्र सरकार के कर्मचारियों में उत्सुकता बढ़ गई है. हर कोई जानना चाहता है कि उनकी सैलरी कितनी बढ़ेगी. फिलहाल 8वें वेतन आयोग के तहत नई वेतन संरचना को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. अभी जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, वे विशेषज्ञों के अनुमान और गणनाओं पर आधारित हैं. माना जा रहा है कि सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी का फैसला 2027 की दूसरी छमाही तक पूरा हो सकता है. इसके बाद त्योहारों के आसपास इसे लागू करने का ऐलान हो सकता है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सैलरी बढ़ोतरी का आधार फिटमेंट फैक्टर होगा. इस फैक्टर को तय करने की जिम्मेदारी जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता वाली समिति को दी गई है. समिति की रिपोर्ट आने के बाद केंद्र सरकार इसकी समीक्षा करेगी. फिटमेंट फैक्टर के जरिए मौजूदा बेसिक सैलरी में गुणा करके नई सैलरी तय की जाएगी. यही वजह है कि कर्मचारी सबसे ज्यादा इसी फैक्टर को लेकर चर्चा कर रहे हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 1.70 से 2.86 के बीच रह सकता है. इसे सभी लेवल के कर्मचारियों पर समान रूप से लागू किया जा सकता है. एक जैसा फिटमेंट फैक्टर होने से सभी को बराबर फायदा मिलेगा. हालांकि, ऊंचे पदों पर काम करने वालों को रकम के हिसाब से ज्यादा बढ़ोतरी दिखेगी.
अगर फिटमेंट फैक्टर 2.15 रहा, तो लेवल 1 के कर्मचारियों की सैलरी 18,000 रुपये से बढ़कर करीब 38,700 रुपये हो सकती है. यानी लगभग 20,700 रुपये की बढ़ोतरी संभव है. लेवल 10 के कर्मचारियों की सैलरी 56,100 रुपये से बढ़कर करीब 1,20,615 रुपये हो सकती है. लेवल 18 के कर्मचारियों की सैलरी 2,50,000 रुपये से बढ़कर करीब 5,37,500 रुपये तक जा सकती है.
वहीं अगर फिटमेंट फैक्टर 2.86 तक जाता है, तो लेवल 1 की सैलरी 51,480 रुपये तक पहुंच सकती है. लेवल 3 की सैलरी 62,062 रुपये और लेवल 6 की सैलरी करीब 1,01,244 रुपये हो सकती है. लेवल 10 के कर्मचारियों को 1,60,446 रुपये तक मिलने की संभावना है. दूसरी ओर, 1.7 फिटमेंट फैक्टर की स्थिति में लेवल 1 की सैलरी 30,600 रुपये, लेवल 3 की 36,890 रुपये और लेवल 6 की सैलरी करीब 60,000 रुपये हो सकती है. यह सभी आंकड़े फिलहाल अनुमान पर आधारित हैं.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
