ऊधमसिंहनगर: उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के छोटे पुत्र और रुद्रपुर नगर निगम वार्ड संख्या 39 के पार्षद सौरभ बेहड़ पर देर शाम अज्ञात तीन हमलावरों ने जानलेवा हमला कर घायल कर दिया. शोर शराबा होने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपित फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, स्थानीय पुलिस सहित राजनीतिक दलों से जुड़े कई नेता मौके पर पहुंच गए. उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है. इस घटना के बाद प्रदेश में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विधायक बेहड़ से फोन पर बात की. उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. उधम सिंह नगर से कांग्रेस के कद्दावर नेता और किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के छोटे बेटे व पार्षद सौरभ बेहड़ रुद्रपुर नगर निगम वार्ड संख्या 39 के पार्षद हैं
तीन नकाबपोश युवकों ने किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों सौरभ का एक भाजपा नेता से विवाद हो गया था. इस विवाद में समझौते के लिए सौरव बेहड़ ट्रांजिट कैम्प कोतवाली जा रहे थे, कि आवास विकास क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार तीन नकाबपोश हमलावरों ने सौरभराज बेहड़ पर अचानक हमला कर दिया. हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल रुद्रपुर के नैनीताल रोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, स्थानीय पुलिस सहित राजनीतिक दलों से जुड़े कई नेता मौके पर पहुंच गए. पुलिस टीम घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है.उधर, कांग्रेसियों ने इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं.
ये भी पढ़ें: सैलरी में आएगा बड़ा उछाल! लेवल 1 से 18 तक किसकी कितनी बढ़ेगी तनख्वाह, जानिए पूरी डिटेल
