Meerut News: मेरठ में रविवार की देर रात एटीएस की छापेमारी से हड़कंप मच गया. देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में ये कार्रवाई की गई. दो किशोरों को हिरासत में लिया गया. किशोरों पर आतंकी संगठन के सदस्यों के साथ आरोपी के वॉट्सअप चैट, युवाओं को भड़काने वाले चैट पर एक्शन के आरोप लगे थे. इसी इनपुट के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने मेरठ में संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया.
हिरासत में दो नाबालिग
थाना कोतवाली क्षेत्र के सराय बहलीन में छापेमारी की कार्रवाई की गई. दरअसल, यहां आतंकी संगठन के स्लीपर सेल से जुड़े उबैद की तलाश की जा रही थी. जो लगातार वाट्सएप व अन्य इंटरनेट प्लेटफार्म पर उनसे चैट कर रहा था. उसके न मिलने पर टीम उसके दो भाइयों को हिरासत में लिया गया और पूछताछ की गई.
मोबाइल फोन समेत कुल 5 डिजिटल डिवाइस जब्त
ऑपरेशन के दौरान टीमों ने दोनों किशोरों के मोबाइल फोन समेत कुल 5 डिजिटल डिवाइस जब्त की हैं. इन सभी डिवाइस को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. दो नाबालिग से पूछताछ की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों किशोर एक सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए भड़काऊ और देश विरोधी टिप्पणियों से जुड़े थे. बाद में पूछताछ के बाद इनको छोड़ दिया गया.
आतंकवादी गतिविधियों का इनपुट
जांच के दौरान सामने आया कि एक वॉट्सऐप ग्रुप में लगातार आपत्तिजनक और राष्ट्रविरोधी पोस्ट की जा रही थीं. इसी ग्रुप में मेरठ के इन दो किशोरों की ओर से भी सक्रिय रूप से टिप्पणियां और पोस्ट शेयर की गई थीं. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्राथमिक पूछताछ में यह संकेत मिले हैं कि किशोरों को ऑनलाइन माध्यम से रेडिकलाइज करने की कोशिश की जा रही थी. वे कथित तौर प=र ऐसे लोगों के संपर्क में थे जो आतंकवादी गतिविधियों के लिए समर्थन जुटाने या विचारधारा फैलाने का प्रयास कर रहे थे. यह भी इनपुट मिला है कि उनसे संदिग्ध मोबाइल नंबरों के जरिए संपर्क किया जा रहा था, जिनमें कुछ नंबर पाकिस्तान और अन्य विदेशी देशों से जुड़े बताए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड सरकार के पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ के बेटे पर जानलेवा हमला,अस्पताल में कराया गया भर्ती
