उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में पिता की तेहरवीं के दिन उसके बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस मामले में मृतक के परिजनों ने अभी तक किसी भी तरह की कोई तहरीर नहीं दी है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पिता की तरहवीं के दिन बेटे की हत्या
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है. अजनर थाना क्षेत्र के लेवा गांव में पिता की तेहरवीं के दिन बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और शोक का माहौल फैल गया है. पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 25 साल के विकास के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि विकास के पिता रामकृपाल की कुछ दिन पहले ही मौत हुई थी.
गांव के कुछ लोगों से हुआ था विवाद
महोबा जिले के अजनर थाना क्षेत्र के गांव लेवा में पिता की तेरहवीं के दिन बेटे की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. बताया जा रहा है कि रविवार को विकास के पिता की तेरहवीं का कार्यक्रम आयोजित किया था. इसी दिन गांव के कुछ लोगों से विकास का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. हालांकि उस समय मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करके मामले को शांत करवा दिया था, लेकिन उसी शाम को कुछ लोगों ने उसकी हत्या कर दी.
मृतक को बचाने की कोशिश में 4 लोग घायल
CO कुलपहाड़ रविकांत गौना ने बताया कि तेरहवीं के दिन शाम के समय विकास शौच के लिए घर से बाहर निकला था. इसी दौरान कुछ हमलावर पहले से ही वहां मौजूद थे, जिन्होंने विकास के ऊपर हमला कर दिया. इस हमले में विकास बुरी तरह से घायल हो गया. जब उसके परिजन उसे बचाने के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, उसी दौरान रास्ते में विकास की मौत हो गई. इस घटना में विकास को बचाने की कोशिश में परिवार के 4 और सदस्य भी घायल हो गए.
परिजनों ने नहीं दी कोई तहरीर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से किसी भी तरह की तहरीर नहीं दी गई है. गांव में हालातों को देखते हुए भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों ने बताया है कि इस मामले में शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों द्वारा लिखित शिकायत दिया जाने के बाद में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
