पंजाब में भगवंत मान सरकार ने राज्य को गैंगस्टर मुक्त बनाने के लिए प्रक्रिया शुरू की है. पंजाब में पुलिस विभाग ने राज्य को गैंगस्टर मुक्त प्रदेश बनाने के लिए इस ऑपरेशन में आम नागरिकों से भी इसमें शामिल होने की अपील की है.
शिकायत करने के लिए जारी किया नंबर
पंजाब में गैंगस्टरों का आतंक आए दिन बढ़ता जा रहा है. राज्य में गैंगवॉर और आपसी रंजिशों के चलते आए दिन वारदातें होती रहती हैं. अब पंजाब सरकार ने राज्य को गैंगस्टर मुक्त बनाने के लिए मुहिम शुरू की है. इस अभियान में पुलिस विभाग ने आम लोगों से भी शामिल होने के लिए अपील की है. पुलिस विभाग ने एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. अब कोई भी नागरिक 93946-93946 नंबर का कॉल करके सूचना दे सकता है.
गैंगस्टरों के ठिकानों पर बड़ी छापेमारी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य में गैंगस्टर्स के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है. पंजाब सरकार ने ऑपरेशन प्रहार को शुरू करके पहले दिन विदेशी गैंगस्टरों की पहचान करते हुए उनके ठिकानों पर भारी छापेमारी की गई. पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ अब पुलिस जंग के लिए पूरी तरह से सक्षम हो चुकी है. पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) गौरव यादव ने बताया है कि पूरे राज्य में ऑपरेशन प्रहार के तहत 72 घंटों की कार्रवाई जारी है.
12 हजार पुलिसकर्मियों की टीम चला रही ऑपरेशन
ऑपरेशन प्रहार को लेकर डीजीपी ने बताया कि इस ऑपरेशन के हिस्से के रूप में लगभग 12 हजार पुलिसकर्मियों वाली 2 हजार ले ज्यादा पुलिस टीमों ने पूरे राज्य में उन गैंगस्टर और उनके सहयोगियों की पहचान की है, जिनका लिंक विदेश से है. इस ऑपरेशन के तहत पंजाब में बड़े स्तर पर गैंगस्टरों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. उन सभी गैंगस्टरों के साथियों की पहचान भी की जा रही है, जिनका विदेशी लिंक है.
1314 लोगों को लिया गया हिरासत में
विशेष डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (विशेष DGP) कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि पूरे राज्य में ऐसे गैंगस्टरों के लगभग 1314 सहयोगियों और उनके साथियों को हिरासत में लिया गया है. अर्पित शुक्ला ने बताया कि इन सभी लोगों को हिरासत में लेकर मामले की बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि सभी अपराधियों की पहचान की जा रही है.
