तेलंगाना से एक बेहद अजीब और अनोखी घटना सामने आ रही है. तेलंगाना के कामारेड्डी जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. नेशनल हाईवे पर मौजूद एक ढाबे के पास में कुछ अज्ञात लोगों ने बंदरों को जहर दे दिया, जिसके बाद 15 बंदरों की मौत हो गई.
नेशनल हाईवे पर मिले 15 बंदरों के शव
तेलंगाना के कामारेड्डी जिले से एक बार फिर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. अंतमपल्ली गांव के बिक्कनूर मंडल में नेशनल हाईवे पर मौजूद एक ढाबे के आसपास में लगभग 15 बंदरों के शव मिलने से मानवता शर्मसार हो गई है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ अज्ञात लोगों ने इन बंदरों को जानबूझकर जहर दे दिया था. बंदरों के शव के साथ में कई बंदर गंभीर रूप से बीमारी की हालत में मिले हैं.
80 बंदरों की हालत गंभीर
इस मामले में सरपंच महेंद्र रेड्डी ने इसकी काफी निंदा की है और दोषियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करने की बात भी कही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक नेशनल हाईवे पर मौजूद एक ढाबे के पास में लगभग 80 बंदर काफी गंभीर हालत में मिले हैं. बताया जा रहा है कि ये बंदर चल भी नहीं पा रहे थे. इसके साथ ही आसपास के इलाके में भी लगभग 15 बंदरों से शव बरामद हुए हैं.
डॉक्टरों के इलाज से बची कई बंदरों की जान
नेशनल हाईवे पर मौजूद ढाबे के पास में इन बंदरों को बरामद किया गया है, तो तुरंत ही स्थानीय लोगों ने इस पूरी घटना की जानकारी पुलिस और गांव के सरपंच को दी थी. स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी जानवरों के डॉक्टरों को भी दी. सूचना मिलने के बाद में डॉक्टर ने मौके पर पहुंचकर घायल बंदरों का इलाज किया. डॉक्टरों के इलाज की मदद से कई बंदरों की जान बचाई जा सकी.
वैन से उतारा बंदरों का झुंड
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ अज्ञात लोगों ने किसी साजिश के चलते इन सभी बंदरों को जहर खिलाया है. इसके साथ ही गांव के सरपंच महेंद्र रेड्डी का कहना है कि कुछ अज्ञात लोगों ने एक वैन से बंदरों के झुंड को उतारकर यहां पर छोड़ दिया. गांव के सरपंच का कहना है कि इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई जाएगी. इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा भरा हुआ है.
