राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में नजफगढ़ नाले से 2 शवों के बरामद होने के बाद में पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. नाले से शव बरामद होने के बाद में मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
नजफगढ़ नाले में तैरते मिले 2 शव
दिल्ली के द्वारका के ककरोला इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. ककरोला नाला पिकेट के पास से निकल रहे एक कैब ड्राइवर ने नजफगढ़ नाले में 2 शवों को तैरते हुए देखा. जिसके बाद कैब ड्राइवर ने इस मामले की जानकारी तुरंत ही पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद तुरंत ही मोहन गार्डन और नजफगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई.
गोताखोरों से निकलवाए गए शव
इस मामले में मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया. गोताखोरों की मदद से पुलिस ने दोनों शवों को नाले के बाहर निकलवाया. इस मामले को पुलिस ने काफी गंभीरता से लिया और मौके पर क्राइम टीम और FSL की टीम को भी जांच के लिए बुला लिया. इस घटना की जानकारी मिलते ही द्वारका DCP अंकित सिंह भी मौके पर पहुंच गए. शवों की पहचान 58 साल के मुन्ना लाल और 55 साल की रामवती देवी के रूप में हुई है.
मौत के कारण नहीं हो पाए साफ
इस पूरी घटना में द्वारका DCP अंकित सिंह ने अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं. मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि अभी तक दोनों की मौत के कारण का पता साफ तौर से नहीं लग पाया है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्मॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की वजह का असली पता लग पाएगा.
रिश्ते में पति-पत्नी थे दोनों
शुरुआती जांच में पुरुष के शव के पास से एक मोबाइल मिला है, जिस मोबाइल के आधार पर उस व्यक्ति की पहचान 58 साल के मुन्ना लाल के रूप में हुई है. इसके साथ ही महिला शव की पहचान 55 साल की रामवती देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों शव आपस में पति-पत्नी थे. जानकारी के मुताबिक दोनों 17 जनवरी से लापता थे और इसकी शिकायत उनके बेटे रितेश ने पुलिस से भी की थी. पुलिस इस मामले को मिसिंग केस से जोड़कर जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- राजधानी दिल्ली में बदमाश का एनकाउंटर, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार, MB रोड पर रात में हुई वारदात
