uttarakhand Kauthik mahotsav: उत्तराखंड की राजधानी में उत्तरायणी कौथिक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है. तीन दिन चलने वाले इस महोत्सव में देवभूमि की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, लोककला एवं लोकसंगीत की झलक मिलेगी.
Dehradun News: सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से परेड ग्राउंड में पांच से आठ फरवरी तक उत्तरायणी कौथिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ ही विभिन्न जनजातीय क्षेत्रों से जुड़े सांस्कृतिक दल भी शामिल होंगे. कई गायक और कलाकार प्रस्तुति देंगे. सेवा संकल्प फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी गीता धामी ने माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित होने वाले उत्तरायणी कौथिक महोत्सव की सफलता हेतु विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की.
मंच पर सजीव होगी प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत
फाउंडर ट्रस्टी गीता धामी ने बताया कि महोत्सव उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपरा और सामाजिक चेतना का भव्य उत्सव होगा. इसमें प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत पूरे वैभव के साथ मंच पर सजीव होगी. विशेष रूप से इस महोत्सव में उत्तर-पूर्वी भारत की सांस्कृतिक झलक, वहां की परंपराएं, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक विविधता को मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे देश की सांस्कृतिक एकता और विविधता का सशक्त संदेश जनमानस तक पहुंचेगा.
उत्तरायणी कौथिक महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, लोककला एवं लोकसंगीत को जन-जन तक पहुँचाना, स्थानीय प्रतिभाओं को सशक्त मंच प्रदान करना तथा समाज में सांस्कृतिक चेतना और सामूहिक सहभागिता को मजबूत करना है.

शुभारंभ के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है. इसके साथ ही समापन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आमंत्रित किया गया है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
