Japan heavy snowstorm: जापान में भारी बर्फबारी से अब तक 30 लोगों की मौत और 100 से अधिक घायल हुए हैं, सेना और मशीनों से राहत कार्य जारी है. इस तूफान ने आम जीवन और आगामी चुनावों को भी प्रभावित किया है.

Japan heavy snowstorm: जापान में भारी बर्फबारी ने उत्तर और पश्चिमी इलाकों को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है. मंगलवार 3 फरवरी 2026 को सेना और हजारों स्नो प्लो ने मिलकर सड़कों और शहरों से बर्फ हटाने की कोशिश की. इस भयानक तूफान में अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है और 100 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं. बर्फ की मोटी परत और तेज तूफान के कारण आम जनजीवन पूरी तरह बाधित हो गया है.
उत्तर जापान के आओमोरी शहर में 40 साल पुराना बर्फबारी का रिकॉर्ड टूट गया है. कई जगहों पर 183 सेंटीमीटर यानी लगभग 6 फीट बर्फ जमी हुई है. सबसे ज्यादा बर्फ 4.54 मीटर यानी 14 फीट से अधिक दर्ज की गई. होकाइडो के सबसे बड़े शहर सप्पोरो में 1000 से ज्यादा स्नो प्लो ने 3800 किलोमीटर लंबी सड़कों से बर्फ हटाने का काम शुरू किया. न्यू चितोसे हवाई अड्डा कुछ दिनों के लिए बंद रहा और ट्रेनों और हाईवे पर भी बर्फ के कारण भारी देरी हुई.
मौतें मुख्य रूप से छत से बर्फ हटाने के दौरान हुईं. कई बुजुर्ग घर की छत पर चढ़कर बर्फ साफ कर रहे थे, लेकिन फिसलकर नीचे गिर गए. कुछ लोग बर्फ के ढेर में दब गए. एक 91 साल की महिला को उसके घर के बाहर 3 मीटर बर्फ के नीचे पाया गया. सबसे ज्यादा मौतें निगाता प्रीफेक्चर (12), अकिता (6) और आओमोरी (4) में हुई हैं. स्थानीय प्रशासन और फायर एंड डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी लगातार राहत कार्य में जुटी हुई है.
सरकार ने जापान की सेल्फ-डिफेंस फोर्सेस को बुलाया. आओमोरी में 21 साल बाद पहली बार सेना ने सड़कों और छतों से बर्फ हटाने में मदद की. स्थानीय सरकारें बुजुर्गों और अकेले रहने वालों की सुरक्षा के लिए सेना से मदद मांग रही हैं. एवलांच और छत से गिरने वाली बर्फ के खतरे के कारण अलर्ट जारी किया गया है. लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे अकेले बर्फ हटाने का जोखिम न लें और जरूरत पड़ने पर मदद मांगें.

इस बर्फीले तूफान का असर आगामी चुनावों पर भी पड़ सकता है. जापान में 36 साल बाद मिडविंटर में आम चुनाव होना है. भारी बर्फबारी के कारण लोग घर से बाहर निकलने में असमर्थ हैं. ट्रांसपोर्ट बाधित होने से मतदान प्रतिशत कम हो सकता है. इस बार मौसम पैटर्न असामान्य रहा है और समुद्र से आने वाली ठंडी हवाओं ने भयानक बर्फबारी को जन्म दिया. सरकार जनता से सावधानी बरतने और सुरक्षित रहने की अपील कर रही है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
