उत्तराखंड के चंपावत जिले में मानसिक रूप से कमजोर एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी बुजुर्ग की धारदार हथियार से हमला करके हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति ने की हत्या
उत्तराखंड से एक घातक वारदात सामने आई है. उत्तराखंड के चंपावत जिले में मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति ने एक बुजुर्ग की हत्या कर दी. इस घटना के बाद में पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. जैसे ही पूरी घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरी गहनता के साथ मामले की जांच की जा रही है.
40 साल का है आरोपी
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना चंपावत जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद खरक सानिया गांव की है. SP चम्पावत अजय गणपति ने बताया कि इस घटना को एक मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति ने अंजाम दिया है. आरोपी की पहचान 40 साल के सुभाष खरकवाल के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि उसने अपने पड़ोसी 80 साल के बुजुर्ग अंबादत्त खरकवाल की धारदार हथियार से हमला करके हत्या कर दी.
बहस के दौरान किया धारदार हथियार से हमला
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस पूरे मामले के बाद आरोपी सुभाष खरकवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है. जानकारी के मुताबिक सुभाष और बुजुर्ग अंबादत के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी और इसी बहस के दौरान सुभाष ने धारदार हथियार से अपने पड़ोसी के ऊपर हमला कर दिया इस हमले में अंबादत की मौके पर मौत हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने सब को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में जांच शुरू कर दी है.
