मेरठ और आसपास के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. लंबे इंतजार के बाद नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने की संभावना है. इसके लिए प्रधानमंत्री का मेरठ दौरा प्रस्तावित बताया जा रहा है. हालांकि, उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
22 फरवरी संभावित तारीख
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री का दौरा 22 फरवरी को प्रस्तावित है, हालांकि जिला प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक तिथि की पुष्टि नहीं की गई है.
जल्द खुलेंगे बाकी स्टेशन
फिलहाल नमो भारत रैपिड रेल दिल्ली से मेरठ साउथ स्टेशन तक ही संचालित हो रही है. अब उम्मीद है कि मेरठ शहर के भीतर बने बाकी स्टेशन भी आम जनता के लिए खोल दिए जाएंगे. अधिकारियों के अनुसार, मेरठ में बने स्टेशनों का निर्माण कार्य करीब छह माह पहले पूरा हो चुका है और पिछले कुछ समय से ट्रायल रन किया जा रहा था.
पीएम कर सकते हैं सफर
इसी कार्यक्रम के दौरान मेरठ मेट्रो का भी उद्घाटन एक साथ किए जाने की संभावना है. बताया जा रहा है कि इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम के दौरान एक जनसभा प्रस्तावित है. संभावना है कि प्रधानमंत्री नमो भारत रैपिड रेल या मेरठ मेट्रो में सफर भी कर सकते हैं.
इसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरे कॉरिडोर की गहन जांच कर रही हैं.
कुल कितने स्टेशन?
मेरठ मेट्रो के तहत कुल 13 स्टेशन बनाए गए हैं, जो मेरठ साउथ को मेरठ नॉर्थ से जोड़ते हैं. वहीं नमो भारत रैपिड रेल के मेरठ में कुल चार स्टेशन हैं. रोजाना बड़ी संख्या में लोग मेरठ से दिल्ली और आसपास के जिलों में काम के लिए आवागमन करते हैं. इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने और सड़क यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: आज नहीं आएगा JEE Main 2026 Session 1 का रिजल्ट, NTA ने की नई तारिख घोषित
