उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक पति के ऊपर आरोप है कि उसने 2 लाख रुपए और मोटरसाइकिल न मिलने पर अपनी पत्नी को बेच दिया. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले को दर्ज कर लिया है.
पति ने अपनी पत्नी को बेचा
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र में एक पति के ऊपर अपनी पत्नी को बेचने का आरोप लगाया गया है. व्यक्ति के ऊपर आरोप लगा है कि उसने 2 लाख रुपए कैश और एक बाइक की मांग पूरी न होने के कारण अपनी पत्नी को बेच दिया. पीड़िता ने जानकारी देते हुए बताया कि उसके पति ने लोगों के साथ में जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया.
केरोसिन डालकर जिंदा जलाने की दी धमकी
पीड़िता ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि उसके पति ने कुछ लोगों के साथ में शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया और जब पीड़िता ने इस बात का विरोध किया तो उसे केरोसिन डालकर जिंदा जलाने की धमकी देने लगा. जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला मूल रूप से कल्याणपुर क्षेत्र की निवासी है और कैंट थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति से उसकी शादी हुई थी.
शादी के कुछ समय तक सामान्य थी चीजें
महिला ने बताया कि शादी के कुछ महीनों तक सभी चीजें सामान्य थीं, लेकिन फिर पति का व्यवार बदल गया और वह छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा करने लगा और महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा. महिला ने बताया कि सितंबर 2025 में पति ने अचानक से 2 लाख रुपए कैश और एक पल्सर मोटरसाइकिल की मांग कर दी. जिसके बाद जब महिला ने मना किया तो वह बार-बार धमकी देने लगा.
4 अज्ञात लोगों से संबंध बनाने को कहा
पीड़िता ने बताया कि उसका पति इसके बाद लगातार अज्ञात लोगों को घर में लेकर आने लगा और उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने लगा. 27 सितंबर 2025 की रात में आरोपी 4 अज्ञात लोगों को घर में लेकर आया और पत्नी से कहा कि उसे इन लोगों को बेच दिया है और उसे अब उनके साथ में संबंध बनाने होंगे. जिसके बाद महिला ने मना किया, तो उसे पूरे दिन के लिए कमरे में बंद कर दिया गया.
पीड़िता ने पुलिस ने मांगी मदद
जिसके बाद में मौका मिलने पर महिला ने अपने घर वालों को इस मामले की जानकारी दी, जिससे उसका भाई मौके पर पहुंच गया. आरोपी पति ने भाई को घर से बाहर निकाल दिया. जिसके बाद पीड़िता ने डायल 112 पर फोन करके मदद मांगी. सूतना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और महिला को सुरक्षित घर से बाहर निकाला. फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है.
