Mathura Road Accident: मगोर्रा इलाके में बुधवार देर रात खुशियां मातम में बदल गईं. एक तेज रफ्तार फ्रॉंक्स कार अनियंत्रित होकर 6 मीटर गहरे कैनाल (नहर) में जा गिरी. इस हादसे में कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मरने वालों में दो कानून (Law) की पढ़ाई कर रहे छात्र थे. हादसा इतना भीषण था कि कार पहले पानी की टंकी से टकराई और फिर सीधे नहर में जा पलटी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को नहर से बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
शादी की दावत में जा रहे थे दोस्त
मिली जानकारी के मुताबिक, महावन थाना क्षेत्र के रहने वाले राहुल (23), अमित, मोहित (22) और उनका एक अन्य दोस्त कार (UP85 CV 9856) से राजस्थान के डीग में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. जैसे ही उनकी गाड़ी नगला दैवीय के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया.
कैसे हुआ हादसा?
बताया गया है कि तेज रफ्तार और मोड़ घटना का कारण है. तेज मोड़ पर गाड़ी की स्पीड अधिक होने के कारण हादसा हुआ. मृतकों में अमित और मोहित लॉ की पढ़ाई कर रहे थे, जबकि राहुल सिलाई का काम करता था. जिस कार से हादसा हुआ, वह राहुल के भाई एडवोकेट सज्जन सिंह की थी. स्थानीय लोगों ने पुलिस के आने से पहले दो शवों को बाहर निकाला. बाद में क्रेन की मदद से कार को बाहर निकालकर अन्य दो शव बरामद किए गए.
क्या है कहना पुलिस का ?
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोड़ पर सामने से आए किसी वाहन को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हुई. गाड़ी पहले एक पानी की टंकी से टकराई और फिर कैनाल में पलट गई. पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है फिलहाल चौथे युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की कानूनी जांच जारी है.
यह भी पढ़ें- लैपटॉप के स्लो परफॉर्मेंस से हो गए हैं परेशान? एक्सपर्ट की सलाह से करें आसानी से इसका समाधान
