बिहार में एक छात्रा ने परीक्षा छूटने के कारण ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि छात्रा सड़क पर जाम मिलने के कारण परीक्षा केंद्र पर देरी से पहुंची थी. जिसके बाद में केंद्र प्रबंधन ने उसे परीक्षा देने से मना कर दिया.
परीक्षा छूटने पर छात्रा ने की खुदकुशी
बिहार से एक दुखद खबर सामने आई है. पटना के मसौढ़ी में एक छात्रा का मंगलवार को मैट्रिक का एग्जाम छूट गया. जिसके बाद में छात्रा ने उसके तनाव में आकर आत्महत्या कर ली. छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी. जानकारी के मुताबिक खैरजवां गांव की रहने वाली कोमल नाम की छात्रा बरनी में मौजूद परीक्षा सेंटर पर समय से नहीं पहुंच पाई थी.
रास्ते में जाम के कारण हुई थी देरी
जानकारी के मुताबिक छात्रा परीक्षा सेंटर पर देरी से इसलिए पहुंची, क्योंकि रास्ते में सड़क पर काफी जाम था. जब छात्रा परीक्षा देने के लिए देरी से पहुंची, तो केंद्र प्रबंधन ने उसे परीक्षा में बैठने के लिए मना कर दिया. जिसके बाद में छात्रा घर वापस आ गई और उसके बाद में दुखी होकर बिना किसी को बताए महाराजचक गांव के पास में ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा
परिजनों ने उसे काफी समझाया, लेकिन उसके बावजूद भी छात्रा परीक्षा छूटने का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई. जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों ने बताया कि छात्रा रास्ते में जाम मिलने के कारण परीक्षा केंद्र पर देरी से पहुंच पाई, लेकिन गेट न खुलने और परीक्षा छूटने के कारण वह पूरी तरह टूट गई.
स्थानीय लोगों के अंदर रोष
परीक्षा केंद्र से वापस आकर छात्रा काफी रोई, लेकिन घरवालों के समझाने के बाद में वह शांत हो गई. बाद में वह किसी को बिना बताए घर से निकल गई और ट्रेन की चपेट में आकर जान दे दी. पुलिस ने इस मामले में यूडी (Unnatural Death) केस भी दर्ज कर लिया है. इस घटना के बाद में स्थानीय लोगों के अंदर परीक्षा केंद्र की सख्ती को लेकर भारी रोष दिखाई दे रहा है. लोगों का कहना है कि सड़कों पर जाम जैसी समस्याओं को देखते हुए छात्रों के लिए थोड़ी छूट होनी चाहिए.
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ के बाद मार गिराए 5 नक्सली, ऑपरेशन कगार के तहत हुई कार्रवाई
