Lucknow IT Raid News: बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के घर और दफ्तर पर पड़ी आईटी की रेड बुधवार को शुरू हुई जो आज भी जारी है. आईटी की टीम लखनऊ के गोमतीनगर के बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ऑफिस छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन पर रेड कर रही है. बता दें कि बलिया के रसड़ा सीट से तीन बार के विधायक उमाशंकर सिंह एक बड़े कारोबारी भी हैं.
बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ आवास और दफ्तर छापेमारी
बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ आवास और दफ्तर पर बुधवार को इनकम टैक्स ने छापेमारी की. तकरीबन I 10 घंटे तक उमाशंकर सिंह के यहां रेड चली. विधायक उमाशंकर सिंह के बलिया के भी ठिकाने पर भी छापेमारी की कार्रवाई हुई थी. सूत्रों के मुताबिक इनकम टक्स विभाग को तीन करोड़ से अधिक कैश और उमाशंकर सिंह के कंपनी से जुड़े कागजात और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को अधिकारियों ने सीज किया है. हालांकि, अभी विभाग की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
छापे पर मायावती का रिएक्शन
मायावती ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट करते हुए लिखा, बी.एस.पी. के विधायक श्री उमाशंकर सिंह जबसे बी.एस.पी. में आये हैं उन्होंने पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अपनी ज़िम्मेवारी निभाई है और आजतक इनके क्षेत्र से इनके बारे में किसी भी प्रकार की अवैध तरीके़ से सम्पत्ति अर्जित करने या अन्य कोई भी ग़लत कार्य करने की शिकायत नहीं आई है।
हालाँकि पिछले लगभग दो वर्षों से वे काफी गंभीर बीमारी से जूझ रहें हैं, ऐसी स्थिति में आयकर विभाग को अगर इनके सम्बन्ध में कोई शिकायत मिली थी तो वे इनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर इनके ठीक हो जाने के उपरान्त इनसे पूछताछ कर सकते थे। हम कोई इस विभाग के कार्य में दख़ल नहीं दे रहें, लेकिन आज जिस तरह से इन पर अति-गंभीर बीमारी के दौरान कार्रवाई की गयी है वह अति-दुर्भाग्यपूर्ण है और मानवता के ख़िलाफ है।
रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक
उमाशंकर सिंह बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक हैं. वह कैंसर से पीड़ित हैं और उनके दो बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं. पिछले महीने ही वे अमेरिका से इलाज कराकर लौटे हैं और फिलहाल लखनऊ स्थित आवास पर आइसोलेशन में रहकर उपचार ले रहे हैं. इस वजह से विधानसभा सत्र में भी हिस्सा नहीं ले पा रहे थे.
54 करोड़ की संपत्ति, 13 करोड़ का कर्ज
2022 के शपथपत्र के अनुसार, उमाशंकर सिंह की कुल संपत्ति की बात करें तो लगभग 54.05 करोड़ रुपये है. इसमें 18.05 करोड़ रुपये चल संपत्ति और 35.99 करोड़ रुपये अचल संपत्ति शामिल है. उन पर करीब 13 करोड़ रुपये का कर्ज भी है. उनकी पत्नी पुष्पा सिंह सीएस इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं.
ये भी पढ़ें: बाजार में बिक रहे नकली अंडे?, वीडियो में दिखा जर्दी की बजाए ‘प्लास्टिक’, वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता
