राजधानी दिल्ली के सरिता विहार इलाके में हुए डबल मर्डर मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या का आरोपी महिला बिल्डिंग में ही रहता था और रिश्ते में भांजा लगता था.
बेड बॉक्स में मिले थे शव
राजधानी दिल्ली के सरिता विहार इलाके से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. सरिता विहार के आली विहार इलाके में डबल मर्डर केस ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रखा है. आपको बता दें कि यहां के एक घर में मौजूद बेड बॉक्स से मां और उसकी बेटी का शव बरामद हुआ था. इस घटना के लगभग 4-5 दिनों बाद पुलिस ने मामले को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
घर से गायब थीं मां बेटी
दिल्ली में हुई इस घटना में जान गंवाने वाली महिला की पहचान 35 साल की ज्योति और उसकी 6 साल की बेटी के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक महिला अपने पति के साथ में आली विहार के घर की तीसरी मंजिल पर रहती थी. महिला का पति सुदर्शन 20 फरवरी की शाम को जब घर पहुंचा तो उसकी पत्नी और बेटी गायब थीं और कमरे में रखा सामान बिखरा हुआ पड़ा था.
जांच के दौरान गया था पड़ोसी पर शक
जिसके बाद जब पति को शक हुआ तो उसने बेड के बॉक्स को खोला, जिसके अंदर उसकी पत्नी और बेटी की लाश रखी हुई थी. जब इस मामले की सूचना पुलिस को मिली तो टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी. मामले की शुरुआती जांच में दोनों की हत्या गला दबाकर करने की आशंका जताई गई. जिसके बाद जांच के दौरान बिल्डिंग में रहने वाले 35 साल के दीनदयाल के ऊपर पुलिस का शक गया.
पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक दीनदयाल रिश्ते में मृतका का भांजा लगता है और वह घटना के बाद से फरार था. पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी करने लगी. दीनदयाल पेशे से अकाउंटेंट है, जिसके चलते उसके मृत महिला के साथ करीबी संबंध थे. महिला ज्यादा पजेसिव व्यवहार करती थी, जिसको लेकर आरोपी परेशान हो गया था और इसी कारण उसने गुस्से में महिला की और उसकी बेटी की हत्या कर दी. हत्या करने का बाद उसने शवों को छिपाया और फरार हो गया. घटना के बाद वह हरिद्वार भाग गया, जिसके बाद वह अपने गांव दरभंगा चला गया. जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
यह भी पढ़ें- तेलंगाना में अनोखी शादी! 2 जुड़वा भाइयों ने की जुड़वा बहनों से शादी, एक ही मंडप में बैठे 4 हमशक्ल
