उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक पति ने अपनी पत्नी के प्रेम संबंधों से लेकर उसके आशिक को गोली मार दी. हत्या करने के बाद में आरोपी ने एक वीडियो वायरल किया, जिसमें वह कह रहा है कि जिसकी पत्नी धोखा दे, तो वो मुझे बताए उसे मैं मारूंगा.
युवक के मारी 3 गोलियां
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग का बदला लेने के लिए बुधवार दोपहर में एक व्यक्ति की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी. यह पूरी घटना मेरठ के बहसूमा ताना क्षेत्र के रामराज कस्बे में मौजूद सनातन धर्म मंदिर के सामने की है, बताया जा रहा है कि आरोपी मोटरसाइकिल से आया और व्यक्ति की कमर और कनपटी पर पिस्टल रखकर 3 गोलियां मार दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात के बाद किया वीडियो वायरल
इस घटना के बाद प्रदीप नाम के आरोपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया और खुद को जिम्मेदार बताते हुए फरार हो गया. जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर लगभग 1.45 बजे जनजीवन पुरी के रहने वाले सुरेंद्र उर्फ सुनील अपनी बाइक से रामराज के बाजार से गुजर रहे थे, इसी दौरान एक नकाबपोश हमलावर ने पीछ से हमला कर दिया, गोली लगते ही सुरेंद्र सड़क पर गिर गया, जिसके बाद हमलावर ने पास में आकर दोबारा से गोली मार दी.
पत्नी के साथ चल रहा था प्रेम प्रसंग
घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया. गोली लगने से घायल हुए सुरेंद्र को तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक मृतक का आरोपी प्रदीप की पत्नी के साथ में प्रेम प्रसंग चल रहा था. लगभग डेढ़ साल पहले महिला अपने पति प्रदीप को छोड़कर सुरेंद्र के साथ फरार हो गई थी.
दोनों ने की थी कोर्ट मैरिज
बताया जा रहा है कि दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी और साथ में रह रहे थे. इसी बात से नाराज होकर प्रदीप ने बदला लेने की ठान ली थी. इस घटना के बाद में आरोपी प्रदीप ने सोशल मीडिया पर लगभग 4 मिनट का एक वीडियो वायरल किया, जिसमें उसने कहा कि उसने अपना बदला ले लिया है. वीडियो में आरोपी ने अपनी पत्नी और पुलिसकर्मियों को भी मारने की बात कही है. वायरल वीडियो में वह हथियार दिखाते हुए कहता है कि ढाई मीटर का कफन साथ में लेकर चल रहा है और उसे अपनी मौत की परवाह नहीं है.
पत्नी धोखा दे, तो मुझे बताओ
आरोपी वीडियो में कहता दिख रहा है कि जिस किसी की पत्नी उसको धोखा दे, तो वो व्यक्ति मुझे बताओ, उसे मैं मारूंगा. इस मामले में मेरठ के एसपी देहात का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है , पुलिस की टीमें लगातार उसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही हैं. आरोपी ने वीडियो में यह आरोप भी लगाया है कि कुछ पुलिसकर्मियों ने उसे हथियार उठाने के लिए मजबूर किया है. इस मामले में भी विभाग लगातार जांच कर रहा है.
यह भी पढ़ें- कूनो में हर दिन 35 हजार का मांस, फिर भी सीमा पार जा रहे चीते, विधानसभा में गूंजे सुरक्षा और भोजन के सवाल
