उत्तर प्रदेश के झांसी में एक युवक को गांव के कुछ दबंगों ने चोर समझकर ट्रैक्टर से बांधकर पिटाई कर दी. जिसके बाद पीड़ित युवक ने पुलिस से मामले की शिकायत दर्ज की है. पुलिस मामले में जांच कर रही है.
गांव के युवक को समझा चोर
उत्तर प्रदेश के झांसी से हैरान कर देने वाली घटना सामने आया है. झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र में कुछ दबंगों ने एक युवक को चोर समझकर उसे पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि चिरगांव थाना क्षेत्र के गांव बिठरी का निवासी एक युवक दिल्ली में मजदूरी करता है. वह होली का त्योहार मनाने के लिए अपने गांव में वापस लौटा था. इसी दौरान गांव के कुछ दबंगों ने उसे चोर समझ लिया.
ट्रैक्टर से बांधकर की मारपीट
गांव के दबंग युवकों ने उसे चोर समझकर पकड़ा और युवक को रस्सी की मदद से ट्रैक्टर से बांध दिया और बुरी तरह से उसकी पिटाई कर दी. जब दबंगों ने मारना शुरू किया, तो युवक काफी देर उनसे छोड़ देने की बात कहता रहा. इस मारपीट के दौरान का वीडियो भी बना लिया. जिसके बाद इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
परिजनों ने आरोपियों से छुड़ाया
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसे कानून व्यवस्था के ऊपर सवाल खड़े करने वाली घटना बताया है. इस घटना की सूचना जैसे ही युवक के परिजनों को मिली, तो वे सभी मौके पर पहुंच गए और किसी तरह से युवक को आरोपियों से छुड़ाया. जिसके बाद में पीड़ित युवक ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है.
पीड़ित ने की पुलिस से शिकायत
इस घटना के बाद पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में प्रार्थना पत्र दिया है. पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. इस मामले में पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, जिसके बाद वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि मामले में जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- कानपुर सेंट्रल पर हाई अलर्ट, 36 घंटे में 2 बार मिली बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
