Mom 2 Shooting: उत्तर प्रदेश के नोएडा में बन रही फिल्म सिटी में आगामी हिंदी फिल्म ‘मॉम 2’ की शूटिंग शुरू हो गई है. यह इस फिल्म सिटी में शूट होने वाली पहली फिल्म बन गई है, जबकि यहां अभी निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से चल रहा है. रविवार को फिल्म निर्माता बॉनी कपूर ग्रेटर नोएडा की फिल्म सिटी पहुंचे हैं जहां वह मॉम-2 की शूटिंग कर रहे हैं.
निर्माण कार्य अभी भी चरणबद्ध तरीके से जारी
यह इस फिल्म सिटी में शूट होने वाली पहली फिल्म बन गई है, जबकि यहां निर्माण कार्य अभी भी चरणबद्ध तरीके से जारी है. बोनी कपूर ने इस दौरान मीडिया से बातचीत कर उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव से पहले जेवर फिल्म सिटी के पहले फेस की शुरुआत हो जाएगी. इस दौरान उन्होंने सीएम योगी और पीएम मोदी का आभार जताया.
मॉम 2 की शूटिंग शुरू
इस परियोजना के लिए भूमि का आवंटन 27 फरवरी 2025 को किया गया था. बस एक साल के अंदर यहां सेट निर्माण शुरू हुआ और अब ‘मॉम 2’ की टीम कैमरे के साथ शूटिंग कर रही है. ये शूटिंग सात दिन तक चलेगी. फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्य और क्लाइमेक्स यहीं फिल्माए जा रहे हैं. यह सिर्फ शूटिंग की शुरुआत नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में फिल्म व्यापार के लिए एक नई शुरुआत का संकेत है.
‘मॉम 2’ में कौन-कौन से स्टार
फिल्म ‘मॉम 2’ में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, खुशी कपूर, करिश्मा तन्ना, जिशु सेनगुप्ता और मनोज पाहवा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. इस फिल्म का निर्देशन गिरीश कोहली कर रहे हैं, जिन्होंने साल 2017 में आई ‘मॉम’ के लेखन में भी सहयोग किया था. फिल्म का निर्माण बोनी कपूर और अक्षय पुरी अपने-अपने बैनर बेव्यू प्रोजेक्ट्स और 12th स्ट्रीट एंटरटेनमेंट के तहत कर रहे हैं.
क्या बोले बोनी कपूर
फिल्म की शुरुआत पर बोनी कपूर ने कहा, यह मेरे लिए बेहद भावुक क्षण है. इस फिल्म सिटी की कल्पना एक विश्वस्तरीय रचनात्मक केंद्र के रूप में की गई थी. इसकी शुरुआत किसी शिलान्यास से नहीं, बल्कि असली फिल्म शूट से हो रही है, यही इसे खास बनाता है. हम यहां सिर्फ इमारतें नहीं, बल्कि कहानी कहने वालों के लिए एक पूरा वातावरण तैयार कर रहे हैं।.
हमेशा रहेगा मॉम 2 के लिए बनाया गया सेट
इस साल फिल्म सिटी में कई अन्य फिल्मों की शूटिंग भी हो सकती है. ‘मॉम 2’ के लिए जो सेट तैयार किए गए वो शूटिंग पूरी होने के बाद भी इसी तरह रखे जाएंगे, ताकि इनका इस्तेमाल अन्य फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में भी किया जा सके. इससे यहां लगातार शूटिंग होती रहेगी और एक स्थायी रचनात्मक माहौल तैयार होगा. यह परियोजना बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित की जा रही है, जिसमें बोनी कपूर के साथ भूटानी समूह साझेदार है. यह विकास यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के साथ हुए समझौते के तहत किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: बहराइच में सिरफिरे बेटे ने कुल्हाड़ी से काट डाला पूरा परिवार, चार लोगों की हत्या से सनसनी
