Sambhal News: अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध जैसे हालातों ने उत्तर प्रदेश के कई जिले के परिवारों की चिंता को बढ़ा दिया है. यूपी के संभल जिले के सिरसी कस्बे के दर्जनों परिवारों की चिंता बढ़ गई है. संभल के शिया मुस्लिम बाहुल्य सिरसी कस्बे के 50 से ज्यादा छात्र ईरान में फंसे हुए हैं. इन छात्रों के परिवार के लोगों ने भारत सरकार से अपने बच्चों को सुरक्षित भारत वापस लाने की मांग की है.
ईरान में फंसे कई छात्र
जानकारी के अनुसार, सिरसी कस्बे के छात्र पिछले कई सालों से ईरान के विभिन्न शहरों तेहरान, इस्फहान और मशहद में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं. इनमें इंजीनियरिंग, मेडिकल (डॉक्टरी) और इस्लामिक स्टडीज की पढ़ाई करने वाले छात्र शामिल हैं. फंसे छात्रों में बड़ी संख्या में मुस्लिम छात्राएं भी बताई जा रही हैं, जिससे परिवारों की चिंता और बढ़ गई है.
परिवार का नहीं हो पा रहा संपर्क
मीडिया खबर के मुताबिक, हालात उस समय और गंभीर हो गए जब ईरान में युद्ध जैसी स्थिति के चलते कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बाधित कर दी गईं. इंटरनेट बंद होने के कारण परिवार के लोग अपने बच्चों से बात नहीं हो पा रही है. परिजनों का कहना है कि पहले बच्चों से नियमित रूप से फोन और वीडियो कॉल के जरिए बातचीत हो जाती थी, लेकिन अब अचानक संपर्क टूट जाने से अनहोनी की आशंका सताने लगी है. मीडिया में जिस तरह की खबरें आ रही हैं उससे बेचैनी और बढ़ गई है.
केंद्र सरकार से लगाई मदद की गुहार
सिरसी कस्बे में इन दिनों लगभग हर घर में चिंता का माहौल है. मातापिता अपने बच्चों की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं और जल्द सुरक्षित वापसी की राह देख रहे हैं. वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है. स्थानीय लोगों और परिजनों ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से मांग की है कि ईरान में मौजूद भारतीय छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा जरूरत पड़ने पर विशेष अभियान चलाकर उन्हें भारत वापस लाया जाए. परिजनों को उम्मीद है कि संकट की इस घड़ी में सरकार मदद करेगी.
