इनकम टैक्स विभाग ने देश में मशहूर रेस्टोरेंट चेन्स के ऊपर तलाशी अभियान शुरू किया है. इस कार्रवाई को टैक्स चोरी के शक में किया जा रहा है. विभाग ने यह ऑपरेशन हैदराबाद से सामने आए टैक्स चोरी मामले के बाद शुरू किया है.
इनकम टैक्स विभाग ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
इनकम टैक्स विभाग ने पूरे देश के प्रमुख रेस्टोरेंट चेन्स के ठिकानों पर टैक्स चोरी के शक में तलाशी अभियान शुरू किया है. यह कार्रवाई हैदराबाद में मौजूद बिरयानी रेस्टोरेंट चेन्स से जुड़े 70 हजार करोड़ रुपए के टैक्स चोरी मामले के बाद की गई है. कार्रवाई को करने वाले जांचकर्ताओं को शक है कि इन सभी रेस्टोरेंट चेन्स ने वास्तविक बिक्री छिपाने के लिए और टैक्स को बचाने के लिए हेरफेर किए गए बिलिंग सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया है.
बिलिंग सॉफ्टवेयर में हेरफेर से कम दिखाते कमाई
इनकम टैक्स विभाग सॉफ्टवेयर आधारित इस तरीके की जांच कर रहा है. देश में मौजूद कई रेस्टोरेंट चेन्स भी इस तरह के सॉफ्टवेयर सिस्टम का इस्तेमाल करते हैं. फिलहाल इनकम टैक्स विभाग के अधिकारी पीओएस (POS) सिस्टम और बिलिंग डेटा के साथ वित्तीय रिकॉर्ड को खंगाल रहे हैं. जांच में सामने आया है कि हैदराबाद की बिरयानी चेन्स ने बिलिंग सॉफ्टवेयर में हेरफेर करके असली कमाई को कम दिखाया था.
डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेजों का होगा मिलान
आपको बता दें कि देश में और भी कई मशहूर रेस्टोरेंट चेन्स भी इसी तरह के सॉफ्टवेयर सिस्टम के ऊपर निर्भर हैं. जिसके चलते विभाग को शक है कि पूरे देश में इसी तरह से टैक्स की चोरी की गई होगी. विभाग ने सॉफ्टवेयर आधारित इस तरह की हेराफेरी के कारण बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन को शुरू किया है. इनकम टैक्स द्वारा की जाने वाली इस कार्रवाई का मकसद डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेजों का मिलान करना है.
आने वाले दिनों में बढ़ेगा जांच का दायरा
डिपार्टमेंट के अधिकारियों का मानना है कि यह मामला देश में रेस्टोरेंट सेक्टर में टैक्स चोरी की अभी तक की सबसे बड़ी जांच बन सकती है. इनकम टैक्स द्वारा की जा रही इस कार्रवाई के जरिए उन सभी कड़ियों को जोड़ा जा रहा है, जो सॉफ्टवेयर के जरिए इनकम टैक्स की चोरी करते हैं. आने वाले कुछ दिनों में इस जांच को लेकर दायरा बढ़ सकता है.
यह भी पढ़ें- अस्पताल में युवती के ऊपर केमिकल अटैक, चेहरा और शरीर के हिस्से झुलसे, वारदात के बाद आरोपी फरार
