Kaushambi Accident: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सड़क हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई है. दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर ससुराल जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. इस सड़क हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
जानें कहां हुआ हादसा
ये हादसा कोखराज थाना क्षेत्र के ककोढा गाँव के पास ओवरब्रिज के पास हुआ. बताया जा रहा है कि गनपा गांव के रहने वाले 30 वर्षीय लक्ष्मण अपने चचेरे भाई 15 वर्षीय सनी के साथ बाइक से बजहा गांव अपनी ससुराल जा रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक ओवरब्रिज पर पहुंची, पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया.
हाइवे किनारे तड़पता रहा
बताया जा रहा है कि छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई. खून से लथपथ बड़ा भाई हाईवे किनारे करीब 10 मिनट तक तड़पता रहा. उसके गले और चेहरे से खून निकल रहा था. वह गंभीर हालत में उठने की बार-बार कोशिश करता और लेट जाता. ऐसा करते हुए वह चीखता-चिल्लाता है. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया. लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड बजट सत्र आज से शुरू, CM धामी पेश करेंगे 1.11 लाख करोड़ का बजट! दिखेगी चुनावी झलक
