Uttarakhand Budget 2026: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में राज्य विधानसभा का बजट सत्र सोमवार, 9 मार्च से शुरू हो रहा है. यह बजट सत्र दो दिनों तक चलेगा. पहले दिन सत्र की शुरुआत राज्यपाल गुरमीत सिंह के अभिभाषण से होगी. इसके बाद सरकार दोपहर तीन बजे 2026–27 के लिए राज्य का बजट पेश करेगी. आगामी चुनाव को देखते हुए बजट आएगा. सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर ली है.
तीन बजे धामी पेश करेंगे बजट
सोमवार को सुबह 11 बजे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) का अभिभाषण होगा और दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का बजट पेश करेंगे. विपक्ष पहले दिन बजट सत्र की अवधि बढ़ाने की माँग उठा सकता है. ये बजट 1 लाख 11 हजार करोड़ का हो सकता है.
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बजट ‘जनता के हित में उत्तराखंड का बजट होगा. सभी वर्गों को लाभ मिलेगा. धामी ने कहा कि किसानों को हर दृष्टि से आगे बढ़ने का अवसर होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से सभी तैयारियां पूरी हैं.
वित्त मंत्री के रूप में धामी का पहला बजट
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वित्त मंत्री के रूप में अपना पहला बजट पेश करेंगे. इससे पहले पिछले साल उन्होंने अनुपूरक बजट पेश किया था. बता दें कि पिछले वर्ष तत्कालीन वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे देने के बाद वित्त मंत्रालय का दायित्व मुख्यमंत्री धामी ही देख रहे हैं.
कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सत्र के लिए दो दिन का एजेंडा तय
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण की अध्यक्षता में रविवार देर शाम हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सत्र के लिए दो दिन का एजेंडा तय किया गया. चूंकि, यह इस साल का पहला सत्र है तो इसकी शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी.
ये भी पढ़ें: केजरीवाल-सिसोदिया की रिहाई के आदेश पर रोक लगाने से HC का इनकार, CBI को बड़ी राहत
