उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर से बेहद दुखद वारदात सामने आई है. यहां महज चार महीने पहले शादी के बंधन में बंधी 18 वर्षीय नवविवाहिता कोहिनूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शुक्रवार की शाम को महिला के ससुराल वाले उसे गंभीर हालत में रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय लेकर गए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका की गर्दन पर फंदे के निशान पाए गए हैं. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है. साथ ही निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस ने मायके वालों की शिकायत पर मृतका के पति उवेश को हिरासत में ले लिया है.
मृतका कोहिनूर जसपुर की रहने वाली थी. उसकी शादी तकरीबन चार महीने पहले रामनगर के ऊंटपड़ाव स्थित गैस गोदाम रोड खताड़ी निवासी उवेश के साथ करवाई गई थी. नवविवाहिता की अचानक मौत की खबर मिलते ही मायके वाले तुरंत जसपुर से रामनगर अस्पताल पहुंचे.
रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. सारिक ने बताया कि महिला मृत अवस्था में अस्पताल लाई गई थी. साथ ही उसकी गर्दन पर गहरे निशान भी है, जिससे मामला आत्महत्या या हत्या की ओर इशारा कर रहा है. शुरूआती जांच के बाद डॉक्टरों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी.
मायके वालों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
मृतका के मौसा और अन्य परिजनों ने ससुराल वालों पर आरोप लगाए हैं. मायके वालों का कहना है कि शादी के बाद से ही कोहिनूर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. कोहिनूर की हत्या ससुराल वालों ने की है. सच्चाई छिपाने के लिए उसे अस्पताल लाया गया. परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
पति उवेश हिरासत में, तहसीलदार और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार मनीषा मरकाना प्रशासनिक टीम के साथ अस्पताल पहुंचीं और कानूनी प्रक्रियाओं का जायजा लिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति उवेश को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा.
ये भी पढ़ें: कोचिंग में हुआ विवाद! यूपी के छात्र ने बिहार के छात्र का फोड़ा सिर; पुलिस खंगाल रही CCTV

1 thought on “चार महीने पहले हुई थी शादी, संदिग्ध हालात में मिला शव… पति हिरासत में”