कोटा में एलेन कोचिंग में यूपी के छात्र ने बिहार के छात्र के सिर पर हमला कर दिया. इससे छात्र का सिर फट गया. इसके कारण छात्र घायल हो गया. घटना के बाद पुलिस CCTV खंगाल रही है.
राजस्थान कोटा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एलेन (Allen) कोचिंग इंस्टीट्यूट परिसर में JEE की तैयारी कर रहे दो नाबालिग छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया. उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक छात्र ने विवाद के दौरान बिहार के छात्र के सिर पर पिस्तौल जैसी दिखने वाली खिलौने वाली बंदूक के भारी बट से जानलेवा हमला कर दिया. इस दौरान छात्र का सिर फट गया और वह फर्श पर गिर पड़ा, जिससे पूरे संस्थान में अफरा-तफरी मच गई. घायल छात्र को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
छात्र पर थी खिलौना बन्दूक
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम को हुई इस घटना के दौरान कोचिंग परिसर में अचानक खौफ का माहौल बन गया. झगड़े के दौरान जब आरोपी छात्र ने अपने बैग से अचानक पिस्तौल जैसी दिखने वाली चीज निकाली तो वहां मौजूद छात्रों में गोली चलने की अफवाह फैल गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. मौके पर पहुंची पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की शुरुआती जांच में सामने आया कि छात्र के पास कोई असली हथियार या बंदूक नहीं थी, बल्कि वह दिखने में हूबहू असली जैसी लगने वाली भारी मेटल या प्लास्टिक की खिलौने वाली गन/लाइटर थी.
छात्र ने किया हमला
दोनों छात्रों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने हमला कर दिया. आरोपी छात्र ने टॉय गन के भारी पिछले हिस्से (बट) से दूसरे छात्र के सिर पर तेजी से हमला किया. हमले में बिहार निवासी छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से खून बहने लगा. घटना के तुरंत बाद कोचिंग स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
पुलिस खंगाल रही CCTV
पुलिस की टीम ने कोचिंग परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है ताकि पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके. पुलिस अधिकारियों के अनुसार विवाद में शामिल दोनों छात्र नाबालिग हैं और कोचिंग में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: मुंबई में दर्दनाक घटना! 10 साल की बच्ची ने 18 महीने के मासूम को छत से फेंका; छठी मंजिल से गिरने पर हुई मौत

1 thought on “कोचिंग में हुआ विवाद! यूपी के छात्र ने बिहार के छात्र का फोड़ा सिर; पुलिस खंगाल रही CCTV”