मुंबई में एक 10 साल की बच्ची ने 18 महीने के बच्चे को छठी मंजिल से नीचे फेंक दिया. घटना के बाद पुलिस ने मां बेटी को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार 1 अक्टूबर को ही इस इमारत में रहने आया था.
महाराष्ट्र के मुंबई के पश्चिमी उपनगर गोरेगांव पूर्व से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 10 साल की नाबालिग लड़की ने अपने पड़ोस में रहने वाले 18 महीने के मासूम बच्चे को उठाकर इमारत की छठी मंजिल से नीचे फेंक दिया. इस हादसे में मासूम बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई,
डक्ट के रास्ते फेंका नीचे
जानकारी के मुताबिक यह सनसनीखेज वारदात गोरेगांव पूर्व के नागरिक निवारा क्षेत्र स्थित शिवशाही बिल्डिंग नंबर 1 की छठी मंजिल पर घटी. हादसे में मिली जानकारी के मुताबिक, 14 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे पड़ोसी परिवार का 18 महीने का मासूम बच्चा अचानक गायब हो गया. बाद में पता चला कि 10 साल की लड़की ने मासूम को उठाकर इमारत की छठी मंजिल से डक्ट (नाली) के रास्ते नीचे फेंक दिया था. इतनी ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण बच्चे को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
जब परिजनों और पुलिस ने इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, तो पूरा सच सामने आ गया. फुटेज में 10 साल की लड़की मासूम बच्चे को अपनी गोद में उठाकर ले जाती और फिर उसे डक्ट के पास से नीचे फेंकती हुई साफ नजर आई.
1 अक्टूबर को रहने आया था परिवार
पुलिस पड़ताल और परिजनों के बयानों में हत्या के पीछे की चौंकाने वाली वजह सामने आई है. बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार 1 अक्टूबर को ही इस इमारत में रहने आया था. मृत बच्चे के परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही पड़ोसी परिवार से बिल्ली को लेकर कहासुनी और तीखा झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव चल रहा था. परिजनों के अनुसार, नाबालिग लड़की मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है.
पुलिस ने हिरासत में लिए मां और बेटी
घटना के बाद दिंडोशी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर 10 वर्षीय नाबालिग लड़की और उसकी मां दोनों को हिरासत में लिया है. मृत मासूम के दादा और चाचा ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बच्ची ने यह कदम खुद उठाया या इसमें परिवार का कोई बड़ा सदस्य भी शामिल था.

1 thought on “मुंबई में दर्दनाक घटना! 10 साल की बच्ची ने 18 महीने के मासूम को छत से फेंका; छठी मंजिल से गिरने पर हुई मौत”