वाराणसी के सारनाथ पंचकोशी क्षेत्र में पटाखों में विस्फोट होने के बाद दो मंजिला मकान ढह गया. इस घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया. हादसे में दो लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
वाराणसी में सारनाथ के पंचकोशी क्षेत्र में गुरुवार को पटाखों में विस्फोट हो गया. इस घटना के बाद दो मंजिला मकान ढह गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और राहत-बचाव की टीमें मौके पर पहुंच गईं. जानकारी के मुताबिक मलबे से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गय. जिसके बाद और लोगों को निकालने के लिए NDRF और SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. शुरुआती जांच में मकान के अंदर पटाखे बनाने की बात सामने आई है.
मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस अधिकारी के मुताबिक शाम करीब 5 बजे सूचना मिली कि सारनाथ के पंचकोशी क्षेत्र में एक दो मंजिला मकान ढह गया है. सूचना मिलते ही स्थानीय चौकी प्रभारी, इंस्पेक्टर, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं. घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस को वहां आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाले पटाखों जैसी चीजें मिलीं. इसके साथ ही, मौके पर पटाखों जैसी गंध भी महसूस हुई.
स्थानीय लोगों ने दी जानकारी
हादसे के बाद मौके पर राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया. पुलिस अधिकारी ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मौके पर पहुंचने के समय किसी के मलबे में दबे होने की आधिकारिक जानकारी नहीं थी. हालांकि, स्थानीय लोगों ने एक महिला के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई. इसके बाद बचाव दलों ने मलबा हटाने का काम तेज कर दिया. मौके पर NDRF, SDRF और फायर सर्विस की टीमें मौजूदरहीं. बताया जा रहा है कि सभी टीमों ने सावधानी से मलबा हटाकर यह पता लगाने की कोशिश की, कि कहीं कोई व्यक्ति उसके नीचे तो नहीं फंसा है. पुलिस बल भी मौके पर तैनात है.
