मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच एक बार फिर दुबई में धमाकों की आवाज सुनी गई है. दुबई में 2 धमाके हुए, जिसके बाद शहर के केंद्रीय इलाके में काले धुएं का बादल छा गया.
दुबई में हुए 2 धमाके
मिडिल ईस्ट में जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है. अमेरिका-इजरायल के हमलों का ईरान लगातार जवाब दे रहा है. इसी बीच एक बार फिर से दुबई में शुक्रवार को 2 धमाकों की आवाज सुनाई दी है. दुबई में धमाकों से शहर के कई हिस्सों की इमारतें दहल उठी हैं. धमाकों की आवाज के बाद शहर के केंद्रीय इलाके में काले धुएं के बादल भी देखे गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में एक बार फिर से डर का माहौल बन गया है.
आसमान में छाए काले बादल
आपको बता दें कि ईरान के ऊपर अमेरिका और इजरायल के हमले लगातार जारी हैं. जिसके बदले ईरान भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मिडिल ईस्ट के देशों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले कर रहा है. फ्रांसीसी न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक दुबई में 2 धमाकों की आवाजें सुनाई दी हैं, जिसके बाद आसमान में काले धुएं का गुब्बारा भी देखा गया है.
एक इमारत को हुआ नुकसान
इन धमाकों के बाद में दुबई मीडिया ऑफिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि इंटरसेप्शन ऑपरेशन के दौरान गिरे हुए मलबे के कारण शहर के केंद्रीय इलाके की एक इमारत को बाहर से मामूली नुकसान हुई है. अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है. दुबई मीडिया ऑफिस ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरे हुए मलबे के कारण दुबई इंटरनेशनल फाइनेंशियल सेंटर (DIFC) इलाके में मौजूद एक इमारत की बाहरी दीवार को मामूली नुकसान हुआ है.
पहले भी हुआ था ड्रोन से हमला
जानकारी के मुताबिक दुबई की मुख्य सड़कों में से एक शेख जायद रोड की तरफ भी सायरन की आवाजें सुनाई दी हैं, जिसके बाद में पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया है. आपको बता दें कि इससे पहले गुरुवार को भी दुबई के अल बदाआ इलाके में एक ड्रोन से जुड़ी हुई घटना हुई थी, हालांकि उस घटना में भी किसी तरह से कोई घायल नहीं हुआ था.
यह भी पढ़ें- ‘मदद लगातार जारी रहेगी…’, चीन ने किया ईरान की मदद का ऐलान, बोला- मानवता के तहत करेंगे हेल्प
