राशन वितरण विभाग ने मुंबई के वर्ली इलाके में घरेलू और कमर्शियल सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग का पर्दाफाश किया है. इस दौरान टीम ने छापेमारी कर बड़ी संख्या में अवैध सिलेंडरों को जब्त किया है.
मुंबई में ब्लैक मार्केटिंग के खिलाफ एक्शन
देश में इन दिनों गैस की किल्लत काफी बड़े स्तर पर है. इसी के चलते घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग भी बढ़ गई है. अब इस मामले में मुंबई में राशन वितरण विभाग ने वर्ली इलाके में घरेलू और कमर्शियल सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है. विभाग ने इस ऑपरेशन में बड़ी संख्या में सिलेंडरों को जब्त किया है. बताया जा रहा है कि गैंग सिलेंडरों को स्टोर करके उन्हें ब्लैक में बेचते थे.
टीम ने सूचना के बाद की छापेमारी
जानकारी के मुताबिक जब ब्लैक मार्केटिंग की जानकारी अधिकारियों को मिली तो तुरंत ही ऑपरेशन को शुरू कर दिया गया. सूचना के आधार पर टीम ने मुंबई के वर्ली नाका पर गणपतराव कदम मार्ग पर मौजूद ‘सूरज वल्लभदास चॉल’ इलाके में छापेमारी की. इस दौरान टीम ने अवैध रूप से बेचे जाने वाले सिलेंडरों को तुरंत ही जब्त कर लिया.
ब्लैक मार्केट में बेचने की थी तैयारी
इस ऑपरेशन के दौरान टीम ने HP गैस कंपनी के 5 किलो के 6 भरे हुए और 58 खाली सिलेंडरों को जब्त किया है. इसके साथ ही दूसरी गैस कंपनियों के सिलेंडर भी बरामद किए गए हैं. अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया है कि इन सिलेंडरों को अवैध रूप से रिफिल करके ब्लैक मार्केट में बेचने की तैयारी हो रही थी. इस ऑपरेशन में जब्त किए गए सभी सिलेंडर आगे की कार्रवाई के लिए वर्ली पुलिस स्टेशन को सौंप दिए गए हैं.
पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
प्रशासन का कहना है कि रिहायशी इलाके में सिलेंडरों को रखना और उन्हें अवैध रूप से बेचना काफी खतरनाक है, इस तरह से लोगों की जान को भी खतरा हो सकता है. इस मामले में पुलिस ने निमेश अरविंद जैन और टेम्पो ड्राइवर के मालिक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 7,8,9,3,10,11 और तरल पेट्रोलियम गैस आदेश 2000 की धारा 3,7, और 8 के तहत मामले को दर्ज किया है.
यह भी पढ़ें- ‘भाऊं-भाऊं…’ अचानक कुत्ते जैसी हरकतें करने लगा युवक, डॉक्टरों ने कहा ये तो…
