मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक युवक के घर में घुसकर बदमाशों ने उसे गोली मार दी. जिसके बाद जब घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, तो वहां भी बदमाशों ने पहुंचकर फायरिंग शुरू कर दी.
भोपाल में बदमाशों के हौंसले बुलंद
मध्य प्रदेश की राजधानी से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. भोपाल में पुरानी रंजिश को लेकर गोलाबारी हुई. इस दौरान एक युवक की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले अशोका गार्डन में मौजूद एक घर पर हमला कर दिया, इस हमले में बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी. जिसके बाद घायल को तुरंत ही हमीदिया अस्पताल ले जाया गया.
युवक के पैर में लगी गोली
जानकारी के मुताबिक घायल को अस्पताल ले जाने के बाद बदमाशों ने वहां भी फायरिंग शुरू कर दी. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है. यह पूरी घटना शनिवार सुबह की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक सुबह के समय कुछ बदमाश अशोका गार्डन इलाके में पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान एक युवक के पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया.
अस्पताल में भी कर दी फायरिंग
घटना में घायल युवक की पहचान इमरान के रूप में की गई है. युवक के घायल होने के बाद परिजनों ने उसे तुरंत ही हमीदिया अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और अस्पताल भी पहुंच गए. उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान एक गोली अस्पताल के गेट में लगे हुए कांच पर जा लगी. इस घटना से अस्पताल में भी हड़कंप मच गया.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य आरोपी की पहचान शादाब गेट के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि लगभग 6 महीनों पहले वह हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया है. अधिकारियों ने बताया कि टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं. पुलिस ने बताया कि यह घटना पुरानी रंजिश को लेकर हुई है.
