मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच खबर आई है कि ईरान ने अमेरिका के F-35 फाइटर जेट को मार गिराया है. जिसके बाद ईरानी मीडिया ने इसका वीडियो भी शेयर किया है. वहीं इस दावे के बाद अमेरिका ने भी बयान जारी किया है.
ईरान ने गिराया अमेरिका का F-35
मिडिल ईस्ट में जंग लगातार जारी है. अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग को आज 20 दिन हो गए हैं, लेकिन हालातों में किसी तरह के सुधार नहीं आए हैं. इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिका के F-35 फाइटर जेट को मार गिराया है. आपको बता दें कि F-35 फाइटर जेट 5वीं पीढ़ी का स्टील्थ विमान है. इस फाइटर जेट को दुनिया के सबसे एडवांस्ड लड़ाकू विमानों में गिना जाता है.
अमेरिकी बेस पर करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
ईरान का कहना है कि अमेरिका का फाइटर जेट ईरान के एयरस्पेस में था, इसी दौरान उसके ऊपर हमला किया गया. ईरानी मीडिया ने इसका वीडियो भी जारी किया है. बताया जा रहा है कि इस हमले के बाद जेट को मिडिल ईस्ट के एक अमेरिकी बेस पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. ईरान द्वारा किए जा रहे इस दावे को लेकर अमेरिका का भी बयान सामने आया है.
ईरान के ऊपर कॉम्बैट मिशन पर था विमान
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक अमेरिका का F-35 फाइटर जेट ईरान के ऊपर एक कॉम्बैट मिशन पर थी, इसी दौरान उसके ऊपर हमला हुआ था. अमेरिका की तरफ से कहा गया कि विमान को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया और विमान का पायलट भी पूरी तरह से सुरक्षित है. अमेरिका का कहना है कि इस मामले में जांच की जा रही है.
वीडियो भी हो रहा वायरल
अब F-35 फाइटर जेट को निशाना बनाए जाने वाली एक वीडियो भी काफी वायरल हो रही है. जिसमें दिखाई दे रहा है कि हवा में उड़ रहे फाइटर जेट के पीछे एक विस्फोट होता है और धुएं का निशान दिखाई देने लगता है. ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिका के फाइटर जेट को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त किया है और इसकी काफी संभावना है कि विमान क्रैश भी हो गया हो.
यह भी पढ़ें- ईरान ने समंदर में बना डाला टोल प्लाजा! होर्मुज में जहाजों से वसूल रहा टोल; हर जहाज से ले रहा 18 करोड़
