कोलकाता में ईद की नमाज के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि सबसे बड़े घुसपैठिए आप और आपकी पार्टी ही है.
ईद के जश्न में शामिल हुईं ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों से पहले सियासी हलचल तेज नजर आ रही है. कोलकाता के रेड रोड पर हुई ईद की नमाज के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और TMC के नेता अभिषेक बनर्जी ईद के जश्न में शामिल हुए हैं. आपको बता दें कि इस मौके पर ममता ने BJP के ऊपर जोरदार हमला भी किया है. राज्य में चुनावी हलचल तेज है, जिसके चलते राजनीतिक दल सभी मंचों से एक दूसरे के ऊपर निशाना साध रहे हैं.
“BJP हटाओ, देश बचाओ” का नारा
इस दौरान ममता में एक नारा कई बार दोहराया. ममता ने “BJP हटाओ, देश बचाओ” का नारा बार-बार दोहराया. ममता ने कहा कि यही उनका और उनकी पार्टी का एकमात्र लक्ष्य है. ममता ने साफ कर दिया कि बंगाल के खिलाफ किसी भी कदम को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इस दौरान सीएम ममता ने वोटल लिस्ट से नामों को काटे जाने का मुद्दा भी उठाया है.
सबसे बड़े घुसपैठिए आप और आपकी सरकार
ममता बनर्जी ने कहा कि SIR यानी कि मतदाता लिस्ट की जांच के दौरान कई लोगों के नामों को काट दिया गया था, जिसके लिए वे इसके खिलाफ कोलकाता से दिल्ली तक लड़ती रही थीं. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया है कि अगर आपका नाम कटा है तो मैं आपके लिए लड़ती रहूंगी. इस दौरान ममता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर निशाना साधते हुए कहा कि आप साऊदी अरब जाकर हाथ मिलाते हैं, दुबई जाकर हाथ मिलाते हैं, लेकिन अपने ही देश में भेदभाव करते हैं. उन्होंने कहा कि आप और आपकी सरकार ही सबसे बड़े घुसपैठिए हैं.
बीजेपी की तरफ से बांटे जा रहे पैसे
ममता का सीधा इशारा था, कि प्रधानमंत्री मुस्लिम देशों से दोस्ती करते हैं, लेकिन देश के मुसलमानों के साथ भेदभाव करते हैं. ममता ने इस दौरान कहा कि बंगाल में भले ही राष्ट्रपति शासन लग जाए, लेकिन वे झुकने वाली नहीं हैं. ममता का यह बयान सीधे तौर पर बीजेपी के लिए था, कि वो किसी भी दबाव से रुकने वाली नहीं हैं. ममता ने बीजेपी के ऊपर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग बीजेपी की तरफ से पैसे भी बांट रहे हैं.
