Noida Airport inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. एयरपोर्ट का निरीक्षण और तैयारियों का जायजा लेने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर बाद नोएडा एयरपोर्ट आएंगे. मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा करेंगे.
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कमिश्नरेट पुलिस, यमुना प्राधिकरण और जिला प्रशासन की ओर से शनिवार शाम तक ही सारी तैयारियां पूरी कर ली गई. सीएम के दौरे से पहले पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. सीएम योगी के आगमन से पहले उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह शनिवार को गौतमबुद्ध नगर पहुंचे. यहां उन्होंने एयरपोर्ट में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने एयरपोर्ट और जनसभा स्थल का निरीक्षण करके यहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे सीएम योगी
CM योगी लखनऊ से हवाई मार्ग से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे. सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 12 बजे के आसपास नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां वे एयरपोर्ट परियोजना से जुड़े कार्यों का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों से सारी जानकारी लेंगे
रविवार को सीएम के सामने अधिकारी समारोह की योजना, सुरक्षा प्लान और जनसभा में लोगों के आने वालों की संख्या और उनके बैठने की व्यवस्था जैसी तैयारियों की जानकारी रखेंगे. वहीं, प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर होने वाली सुरक्षा प्लानिंग की समीक्षा भी की जाएगी. सीएम के सामने होने वाली समीक्षा बैठक को लेकर अधिकारी शनिवार को अपनी तैयारियों में जुटे रहे.
सड़कें होंगी दुरुस्त
अधिकारियों की बैठक में सुरक्षा, साफ-सफाई, आवागमन पर विशेष ध्यान देते हुए एयरपोर्ट के आसपास के गांवों में चाक चौबंद व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। समारोह से पहले एयरपोर्ट के तीन किमी के दायरे में सड़कों की सफाई होगी वहीं पीडब्ल्यूडी आसपास की टूटी सड़कों की मरम्मत का काम कराएगी.
