पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी ने भी चुनाव में एंट्री कर ली है. ओवैसी ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी AIMIM हुमायूं कबीर की पार्टी AJDUP के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी.
बंगाल चुनाव में ओवैसी की एंट्री
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, जिसको लेकर सियासी हलचल भी तेज हो गई है. चुनाव को लेकर तमाम पार्टियां तैयारी कर रही हैं और मजबूती से चुनाव लड़ने को लेकर समीकरण बैठा रही हैं. अब इसी बीच बंगाल की राजनीति में एक नया समीकरण निकलकर सामने आया है. AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी बंगाल चुनाव में एंट्री कर ली है.
हुमायूं कबीर की पार्टी साथ गठबंधन
AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ऐलान कर दिया है कि उनकी पार्टी हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (AJDUP) के साथ में मिलकर पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव लड़ेगी. जानकारी के मुताबिक 25 मार्च को असदुद्दीन ओवैसी कोलकाता में हुमायूं कबीर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस गठबंधन की रूपरेखा को पेश करेंगे. हुमायूं कबीर की पार्टी ने पहले ही ऐलान किया था कि उनकी पार्टी (AJDUP) चुनाव में 182 सीटों पर उम्मीदवारों को उतारेगी.
8 सीटों पर उतार सकती उम्मीदवार
आपको बता दें कि हुमायूं कबीर के ऐलान के बाद AJDUP विधानसभा चुनावों में 182 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है. इस गठबंधन में अब AIMIM भी शामिल होने वाली है. जानकारी के मुताबिक AIMIM लगभग 8 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को उतार सकती है. आपको बता दें कि हुमायूं कबीर ने अभी तक 18 उम्मीदवारों को मैदान में उतार दिया है. कबीर ने रानीनगर, भगवानगोला और मुर्शिदाबाद जैसी जगहों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है.
2 चरणों में पूरा होगा चुनाव
जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर 3 सीटों से चुनाव लड़ेंगे. जिसमें भगवानगोला, नौदा और राजीनगर शामिल हैं. ये तीनों सीटें मुर्शिदाबाद जिले के अंदर आती हैं. आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में इस बार 2 चरणों में चुनाव होने वाले हैं. पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को चुनाव होगा, वहीं दूसरा चरण 142 सीटों के साथ 29 अप्रैल को पूरा होगा. चुनावों के नतीजे 4 मई को घोषित कर दिए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा! रनवे पर खड़े फायर ट्रक से टकराया एयर कनाडा का विमान; 4 लोग घायल
