लखनऊ के चिनहट इलाके में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई. युवक का शव हरदासीखेड़ा मैदान में खून से लथपथ तरीके में बरामद हुआ है. पुलिस ने 2 लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
युवक की गला रेतकर हत्या
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. लखनऊ के चिनहट इलाके में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक खून के लथपथ हुए युवक का शव हरदासीखेड़ा में मौजूद एक सुनसान मैदान में मिली है. बताया जा रहा है कि पूरी घटना मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात की है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
देर रात तक नहीं लौटा युवक
मृत युवक की पहचान कल्याणी विहार कॉलोनी निवासी रितेश सिंह के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि युवक पेशे से टाइल्स का कारीगर था. परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि रितेश मंगलवार को शाम के समय घर से दोस्तों के साथ निकल गया था. जिसके बाद युवक देर रात तक घर वापस नहीं लौटा. इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने युवक को घायल हालत में मैदान में पड़ा देखा.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
युवक को घायल अवस्था में देखने के बाद लोगों ने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद मौके पर पुलिस और एम्बुलेंस पहुंच गई. एम्बुलेंस की मदद से युवक को अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि युवक के गले पर काफी गहरा घाव था और काफी खून भी निकल गया था. पुलिस को घटनास्थल से शराब और कोल्ड ड्रिंक और पानी की बोतलें मिली हैं.
पुलिस ने हिरासत में लिए 2 लोग
पुलिस को मैदान में एक बाइक भी खड़ी हुई मिली है. जिसके आधार पर मृतक की पहचान की गई है. सबूतों के आधार पर आशंका है कि युवक अपने परिचितों के साथ वहां बैठा होगा और किसी बात को लेकर विवाद हो गया होगा. इस मामले में पुलिस ने रितेश के परिचित 2 लोगों को हिरासत में लिया है. मामले में शुरुआती जांच में पैसे के लेन-देन और आपसी रंजिश के साथ व्यक्तिगत विवाद जैसे एंगल सामने आ रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में गहनता के साथ जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान से नेपाल और फिर भारत! दिल्ली पुलिस ने किया हथियारों के इंटरनेशनल नेटवर्क का पर्दाफाश; 10 गिरफ्तार
