बिहार के गोपालगंज में एक युवक ने अपनी मां के हाथ-पैर तोड़ दिए, जिसके बाद महिला को अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.
युवक ने की मां की हत्या
बिहार के गोपालगंज के कलयुगी बेटे की खौफनाक कहानी सामने आई है. गोपालगंज में एक बेटे ने मां-बेटे के रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. यहां संपत्ति के बंटवारे को लेकर युवक ने अपनी ही मां को मार डाला. जानकारी के मुताबिक युवक ने पहले अपनी मां को लाठी से बुरी तरह पीटा और उसका पैर तोड़कर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.
आरोपी को किया गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना महम्मजपुर थाना के काशी टेंगराही गांव की है. जैसे ही मामले सूचना पुलिस को मिली तो टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि टेंगराही गांव की रहने वाली चानी देवी का छोटा बेटा प्रमोद सिंह कुछ दिनों पहले ही गुजरात से अपने घर वापस आया था.
पीट-पीटकर तोड़े हाथ-पैर
घर वापस आने के बाद युवक लगातार अपनी मां के ऊपर संपत्ति के बंटवारे को लेकर दबाव बना रहा था. सोमवार को रात के समय में उसने अपनी मां को पीट-पीटकर उनके हाथ-पैर तोड़ दिए. जिसके बाद तुरंत ही महिला को इलाज के लिए झझवा ट्रामा सेंटर में ले जाया गया. ट्रामा सेंटर में हालात खराब होते देख महिला को गोरखपुर रेफर कर दिया गया. इसी दौरान गोरखपुर जाते समय महिला की मौत हो गई.
स्थानीय लोगों में गुस्सा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. इस हत्याकांड के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों के अंदर युवक को लेकर गुस्सा भरा हुआ है. लोग आरोपी युवक को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है.
यह भी पढ़ें- रात की मुलाकात बनी मौत! लखनऊ में सुनसान मैदान में मिली युवक का लाश; गला रेतकर की गई हत्या
