कानपुर के कल्याणपुर में एक अपार्टमेंट में सेप्टिक टैंक की सफाई करने के दौरान बाप-बेटे की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि जहरीली गैस ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे दोनों की मौत हुई है.
सफाई के दौरान बाप-बेटे की मौत
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. कानपुर के कल्याणपुर में बुधवार को एक रिहायशी अपार्टमेंट के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान बाप-बेटे की मौत हो गई. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक दोनों बाप-बेटे सेप्टिक टैंक की सफाई कर रहे थे और ज्यादा गहराई में जाने के कारण दोनों की मौत हो गई.
सैप्टिक टैंक की सफाई करने गए थे दोनों
मृतकों की पहचान कानपुर के कर्नलगंज के रहने वाले जावेद और उनके बेटे आकिब के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों बाप-बेटे बुधवार को तड़के कल्याणपुर के गोवा गार्डन में मौजूद एक अपार्टमेंट में सेप्टिक टैंक की सफाई करने के लिए गए थे. सफाई करते हुए वे टैंक की गहराई में उतर गए और जहरीली गैस होने के कारण दोनों बेहोश हो गए.
रेस्क्यू करके निकाला गया बाहर
बताया जा रहा है कि उनके साथ दामाद इरफान भी मौजूद था, जो चक्कर आने पर बाहर निकल आया और तुरंत हेल्पलाइन पर सूचना दी. जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों को बाहर निकाला. जिसके बाद लाला लाजपत राय अस्पताल में सभी को ले जाया गया, जहां बाप-बेटे को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और दामाद इरफान का इलाज जारी है.
रात 2 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक यह हादसा सफाई के दौरान रात लगभग 2 बजे के आसपास हुआ है. जावेद और आकिब टैंक के गहरे हिस्से में उतरे, तो जहरीली गैस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के पीछे शुरुआती कारण जहरीली गैस का फेफड़ों तक पहुंचना माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- यूक्रेन पर 1,000 ड्रोन की बैछार! रूस ने मार गिराए 389 यूक्रेनी ड्रोन; 1.5 लाख घरों की उड़ी बिजली
