महाराष्ट्र के मुंबई में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला के बैंक खातों 25 लाख से ज्यादा की रकम उड़ा दी. ठगों ने WHATSAPP पर एक APK फाइल को भेजकर मोबाइल का एक्सेस ले लिया था.
बुजुर्ग महिला से लाखों की ठगी
महाराष्ट्र के मुंबई से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बुजुर्ग महिला को साइबर ठगों ने बिजली बिल में नाम बदलवाने के बहाने से ठगी का शिकार बना लिया. जानकारी के मुताबिक ठगों ने 78 साल की बुजुर्ग महिला के बैंक खातों से लगभग 25 लाख से ज्यादा रुपए उड़ा दिए. इस मामले में पुलिस ने शिकायत के बाद जांच शुरू कर दी है.
बिजली बिल में बदलना था नाम
बताया जा रहा है कि पीड़ित बुजुर्ग महिला अंधेरी के फोर बंगला इलाके की रहने वाली है. महिला ने 10 मार्च को अपने बिजली बिल में नाम को बदलने के लिए आवेदन किया था. जिसके बाद वह अगले दिन केरल में अपने रिश्तेदारों से मिलने चली गई थी. इसी दौरान महिला के पास व्हाट्सऐप कॉल आया. क़ॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बिजली कंपनी का कर्मचारी बताया. जिसके बाद उसने महिला से नाम बदलने की प्रक्रिया के लिए 13 रुपए के भुगतान की बात कही.
WHATSAPP पर भेजी APK फाइल
जिसके बाद बुजुर्ग महिला ने अपनी घरेलू सहायिका से बात करने के लिए कहा. जिसके बाद ठग ने दोनों को कॉन्फ्रेंस कॉल पर जोड़ा और E-KYC के नाम पर एक APK फाइल को WHATSAPP पर भेज दिया. जिसके बाद जब महिला ने वह फाइल डाउनलोड की तो ठगों ने उसके मोबाइल का पूरा एक्सेस ले लिया. जिसके बाद ठगों ने महिला से वेरिफिकेशन के नाम पर क्रेडिट कार्ड की जानकारी भी ले ली और पासवर्ड पूछ लिया.
मैसेज आने के बाद हुआ ठगी का एहसास
क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेने के कुछ ही देर बाद महिला के खाते से 25 लाख रुपए से ज्यादा की रकम उड़ गई. जब महिला के फोन में पैसे कटने का मैसेज आया, तब उसे ठगी का एहसास होगा. महिला ने तुरंत ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराई. महिला जब 21 मार्च को मुंबई लौटी तो उसने पुलिस के पास जाकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- नीरव मोदी को बड़ा झटका! लंदन हाईकोर्ट ने खारिज कर दीं सभी दलीलें; भारत आने का रास्ता हो रहा साफ
