गैस के बाद अब पेट्रोल की किल्लत देखने को मिल रही है. लखनऊ के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन का स्टॉक खत्म हो चुका है. शहर के कई इलाकों में पेट्रोल पंपों में बाहर ईंधन खत्म जैसे बोर्ड लगे दिखाई दिए हैं.
लखनऊ में पंपों पर बढ़ी भीड़
उत्तर प्रदेश में कई शहरों में अब पेट्रोल डीजल की किल्लत देखने को मिल रही है. प्रयागराज, मेरठ, कानपुर और झांसी जैसे शहरों के बाद अब पेट्रोल-डीजल को लेकर हलचल अब राजधानी लखनऊ में भी पहुंच गई है. लखनऊ में पेट्रोल पंपों पर बढ़ रही भीड़ और लंबी कतारों के साथ कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म के बोर्ड ने लोगों की चिंताओं को बढ़ा दिया है.
कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म
बुधवार को लखनऊ के कई इलाकों में पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें दिखाई दीं. लोगों को अपनी गाड़ियों में पेट्रोल भरवाने को लेकर काफी देर इंतजार करना पड़ा. हालांकि प्रशासन और पेट्रोलियम कंपनियां लगातार कह रही हैं, कि घबराने की जरूरत नहीं है. हालांकि इन दावों के बावजूद भी शहर के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन का स्टॉक खत्म होने की स्थिति बन गई है.
सीमित मात्रा में दिया जा रहा पेट्रोल
लखनऊ में कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल उपलब्ध नहीं या फिर डीजल खत्म होने जैसे बोर्ड भी दिखाई दिए हैं. जिन पंपों पर ईंधन उपलब्ध है, वहां पर लोगों को सीमित मात्रा में ही दिया जा रहा है. बुधवार को बड़ी संख्या में लोग अपनी गाड़ियों में पेट्रोल भरवाने के लिए कतारों में खड़े नजर आए हैं. लखनऊ में कई ऐसे पेट्रोल पंप हैं, जहां ईंधन खत्म होने जैसे बोर्ड लगे हुए दिखाई दिए हैं.
प्रशासन की लोगों से अपील
हालांकि दूसरी तरफ पेट्रोलियम कंपनियां और प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं, कि जल्दबाजी में आकर खरीददारी न करें. लोगों से प्रशासन ने अपील की है कि घबराहट में आकर जरूरत से ज्यादा पेट्रोल न भरवाएं. अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार कोशिशें की जा रही हैं. पेट्रोलियम कंपनियों ने दावा किया है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है, यह स्थिति अचानक से बढ़ी मांग के कारण हुई है.
यह भी पढे़ं- 29 मार्च को नोएडा में जुटेगा जनसैलाब, बीजेपी के गढ़ में सपा दिखाएगी दम, अखिलेश यादव करेंगे चुनावी अभियान का आगाज
