SP Rally Noida: यूपी में नोएडा एयरपोर्ट के 28 मार्च को लोकार्पण के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव 29 मार्च को में बड़ी रैली करेंगे. 32 जिलों के कार्यकर्ताओं के साथ पश्चिमांचल की 140 विधानसभा सीटों पर दिखाई जाएगी ताकत.
Noida Samajwadi Party rally: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव 29 मार्च को नोएडा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे. इस जनसभा से सपा 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेगी. ये रैली गौतमबुद्ध नगर के मिहिर भोज डिग्री कॉलेज मैदान में होगी. इस रैली के जरिए सपा पश्चिमी यूपी की 32 जिलों में फैली 140 विधानसभा सीटों पर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में जुटी है. इस रैली को पार्टी के चुनावी अभियान का आधिकारिक आगाज माना जा रहा है.
रैली में जुटेंगे सैकड़ों कार्यकर्ता
नोएडा में होने वाली इस जनसभा के जरिए समाजवादी पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 142 विधानसभा सीटों को साधने की रणनीति पर काम कर रही है. इस रैली को सफल बनाने की जिम्मेदारी गुर्जर समाज के नेताओं को दी गई है. जानकारी के मुताबिक राजकुमार भाटी के नेतृत्व में पिछले कई महीनों से इस रैली की तैयारियां की जा रही हैं.
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी का दावा है कि यह रैली 2027 के चुनाव की शंखनाद रैली होगी. रैली की तैयारियों में पार्टी के बड़े पदाधिकारी, बूथवार कमिटी और स्थानीय कार्यकर्ता पूरी तरह जुटे हैं.
बैठक में तैयार की गई रणनीति
दादरी रैली को लेकर बुधवार को खेरली हाफीजपुर गांव में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई. इसमें राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भाटी और वीर सिंह यादव भी मौजूद रहे. इस बैठक में राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि मिहिर भोज डिग्री कॉलेज के मैदान में होने वाली रैली इतिहास रचेगी. इस रैली के जरिए पूरे प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लहर चलेगी और 2027 में सपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में नोएडा पहुंचने का आह्वान किया है.
क्या देना चाहती है सपा संदेश
समाजवादी पार्टी का कहना है कि वर्तमान शासन से यूपी के हर वर्ग में असंतोष फैला हुआ है. पार्टी पदाधिकारी लोगों को जोड़ने के लिए सरकार की कथित नाकामियों को रैली में उजागर करेंगे. सपा का आरोप है कि सरकार सिर्फ विध्वंसात्मक कार्यों में लगी है, चाहे बुलडोजर से मकान गिराना हो या समाज में भाईचारे को तोड़ना हो. पार्टी का दावा है कि हिंदू-मुस्लिम और जातिगत आधार पर लोगों को बांटकर समाज में दरार डाली जा रही है.
यह भी पढ़ें- मणिपुर में रात भर तनाव! कुकी उग्रवादियों और सेना के बीच मुठभेड़; आधे घंटे तक चलीं गोलियां
