मणिपुर में एक बार फिर सेना और कुकी उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है. बुधवार देर रात दोनों के बीच लगभग आधे घंटे तक फायरिंग हुई है. मुठभेड़ के बाद सेना ने बड़े स्तर पर संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया है.
सेना और कुकी उग्रवादियों के बीच मुठभेड़
मणिपुर में एक बार फिर सेना और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है. मणिपुर के बिष्णुपुर में बुधवार देर रात संदिग्ध कुकी उग्रवादियों और सेना के बीच लगभग 30 मिनट तक मुठभेड़ हुई है. जानाकरी के मुताबिक इस मुठभेड़ के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), भारतीय सेना और राज्य पुलिस के द्वारा मिलकर संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
आधे घंटे तक चलीं गोलियां
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि सेना और कुकी उग्रवादियों के बीच लगभग 30 मिनट तक मुठभेड़ हुई है. पुलिस के मुताबिक बुधवार रात लगभग 11.40 बजे के आसपास कुकी उग्रवादियों ने गोतोल इलाके से फौगाकचाओ आवांग में मौजूद भारतीय सेना के पोस्ट पर गोलीबारी शुरू कर दी थी. जिसके बाद CRPF की 58वीं बटालियन ने जवाबी कार्रवाई शुरू दी.
इलाके में चलाया गया संयुक्त सर्च ऑपरेशन
दोनों के बीच आधे घंटे तक मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ के तुरंत बाद सेना,CRPF और भारतीय रिजर्व बटालियन (IRB) के द्वारा एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया. यह ऑपरेशन उस जगह पर चलाया जा रहा है, जहां मुठभेड़ हुई थी. इसी के साथ आसपास के इलाकों में भी तलाशी जारी है. सुरक्षा बल लगातार स्थिति के ऊपर नजर बनाए हुए हैं.
जातीय हिंसा से जूझ रहा मणिपुर
सुरक्षा बल मुठभेड़ के आसपास के पहाड़ी इलाकों में भी ऑपरेशन लगातार चला रहे हैं. अधिकारियों ने आम नागरिकों से अफवाहों को न फैलाने की अपील की है. आपको बता दें कि मणिपुर पिछले कुछ समय से लगातार जातीय हिंसा से जूझ रहा है. यहां कुकी और मैतेई समुदायों के बीच काफी तनाव है. इस मुठभेड़ के बाद सेना और सुरक्षा बल लगातार शांति व्यवस्था को बहाल करने के लिए कोशिश कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- बाइक वालों को 200 रुपए तक ही मिलेगा पेट्रोल, कार वालों को 2 हजार तक की सीमा; जालना प्रशासन का बड़ा कदम
