पेट्रोल पंप पर लंबी कतारों को देखते हुए महाराष्ट्र के जालना में प्रशासन ने जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत विशेष आदेश जारी किए हैं. अब मोटरसाइकिलों को 200 रुपए और कार को 2 हजार रुपए तक का ही ईंधन मिलेगा.
जालना प्रशासन का बड़ा कदम
देश में इन दिनों कई अफवाहें फैल रही हैं. गैस और डीजल-पेट्रोल को लेकर कई तरह की अफवाहों में आकर लोग जल्दबाजी में खरीददारी कर रहे हैं. देश की कई जगहों से ऐसे फोटो, वीडियो सामने आए हैं, जिनमें पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं. अब इसी स्थिति को देखते हुए महाराष्ट्र के जालना में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है.
प्रशासन ने जारी किए नए आदेश
पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ इकट्ठा होने के कारण जालना प्रशासन ने नए निर्देश जारी किए हैं. आपको बता दें कि कई जगहों पर लंबी कतारों और पेट्रोल-डीजल की मांग और सप्लाई के बीच में असंतुलन की स्थिति बन गई है. जिसको देखते हुए जिला प्रशासन ने जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत विशेष आदेश जारी कर दिए हैं. इन निर्देशों के चलते प्रशासन भीड़ पर काबू पाना चाहता है.
दोपहिया वाहनों को 200 और चारपहिया वाहनों को 2 हजार का ईंधन
आपको बता दे कि आदेश के मुताबिक अब दोपहिया वाहनों को अधिकतम 200 रुपए तक और तीन पहिया और चार पहिया वाहनों के लिए 2 हजार रुपए तक ही डीजल पेट्रोल मिल सकेगा. इसी के साथ कैन, किसी बी तरह के कंटेनर या बोतल में भी ईंधन देने के ऊपर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है. नियमों को जारी करते हुए इसका उल्लंघन करने वालों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
जरूरत के हिसाब से करें खरीददारी
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर भरोसा न करें और जरूरत के मुताबिक ही ईंधन खरीदें. आपको बता दें कि जिले में कुल 126 पेट्रोल पंप मौजूद हैं. प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि ईंधन की किसी तरह की कमी नहीं है. लोगों से अफवाहों से दूर रहने और जल्दबाजी में खरीददारी न करने की अपील की गई है.
मौजूद स्टॉक डिस्प्ले पर दिखाना जरूरी
प्रशासन के आदेश के मुताबिक सभी पेट्रोल पंप पर एम्बुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता से ईंधन देने का भी आदेश दिया गया है. इसी के साथ सभी पेट्रोल पंप पर मौजूद स्टॉक की जानकारी को भी डिस्प्ले बोर्ड पर दिखाना जरूरी कर दिया गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग फालतू भीड़ लगाने से बचें.
यह भी पढ़ें- WhatsApp पर भेजी APK फाइल और काबू में कर लिया मोबाइल; महिला के अकाउंट से उड़ाए 25 लाख
