अप्रैल के महीने में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पूरे उत्तर भारत में इसका असर देखने को मिला है. उत्तराखंड और हिमाचल में कई इलाकों में भारी बर्फबारी देखने को मिली है.
अप्रैल के महीने में बारिश
अप्रैल का महीना शुरू हो गया है और आमतौर पर अप्रैल के महीने से ही गर्मियां अपना मिजाज दिखाना शुरू कर देती हैं. हालांकि इस साल ऐसा कुछ देखने को नहीं मिल रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड दोबारा से वापस आ गई है. दिल्ली-NCR में बुधवार को पूरे दिन बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश भी हुई है.
गुरुवार से कम होगा पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी गुरुवार को भी शाम और रात के समय हल्की बारिश होने की उम्मीद है. आपको बता दें कि गुरुवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर हल्का हो जाएगा. जिसके बाद तापमान भी बढ़ता हुआ नजर आएगा. जानकारी के मुताबिक आने वाले 5-6 दिनों में तापमान लगभग 5 से 6 डिग्री तक ऊपर जा सकता है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से इसका असर लगभग पूरे उत्तर भारत में देखने को मिला है.
उत्तराखंड में कई इलाकों में बर्फबारी
उत्तराखंड में भी मौसम लगातार अपने मिजाज दिखा रहा है. राज्य में बर्फबारी भी देखने को मिल रही है. आपको बता दें कि देहरादून में लगातार बारिश हो रही है, वहीं यमुनोत्री जैसे ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो रही है. आपको बता दें कि टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ जैसे इलाकों में ठंड काफी ज्यादा बढ़ गई है. मौसम विभाग के मुताबिक इस तरह का मौसम आने वाले कुछ समय तक बना रह सकता है.
हिमाचल में लगातार गिर रही बर्फ
आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश में भी कुछ इसी तरह के हालात देखने को मिल रहे हैं. हिमाचल में कुल्लू-मनाली और लाहौल-स्पिति के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फ गिर रही है. वहां जो इलाके नीचे हैं, उनमें लगातार बारिश के कारण तापमान बढ़ गया है. आपको बता दे मनाली, रोहतांग पास, अटल टनल, कुफरी, नारकंडा जैसे पर्यटन स्थलों पर हुई बर्फबारी के कारण ये इलाके बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं.
26 सड़कों को किया गया बंद
लाहौल-स्पिति में भारी बर्फबारी हुई है, जिसके कारण 26 सड़कों को बंद करना पड़ा है. इस कारण आवाजाही भी काफी प्रभावित हुई है. सुरक्षा को देखते हुए अटल टनल की तरफ जाने वाले रास्तों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है, इन रास्तों पर सिर्फ 4×4 गाड़ियों को ही आगे जाने की परमिशन दी जा रही है. अप्रैल में इस तरह के मौसम ने लोगों को हैरान करके रख दिया है.
यह भी पढ़ें- पत्नी से झगड़ा और कमरे के अंदर सब खत्म! पलामू में बुजुर्ग ने किया सुसाइड; फांसी लगाकर दे दी जान
