Bengal Election 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जो भाजपा के सबसे बड़े फायरब्रांड नेताओं में शुमार हैं और अब वो बंगाल के चुनावी माहौल को और गरमाने के लिए पश्चिम बंगाल जा रहे हैं. 23 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के मतदान से पहले सीएम योगी अपने तूफानी दौरे पर निकलने वाले हैं.
20 जनसभाओं को संबोधित करेंगे सीएम योगी
बंगाल के रण में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव प्रचार करते हुए तकरीबन 20 जनसभाओं को संबोधित करेंगे. चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत 12 अप्रैल से होगी.
12 अप्रैल को विष्णुपुर जिले में सोनामुखी विधानसभा
सीएम योगी तमलुक जिले में नंदाकुमार विधानसभा और कांथी दक्षिण विधानसभा में जनसभाओं को संबोधित करेंगे. इसके अलावा 2021 के विधानसभा चुनावों में जिन सीटो पर सीएम योगी की रैलियों का अच्छा असर हुआ था वहां भी रैलियां प्रस्तावित हैं. साल 2021 में मालदा और उत्तर बंगाल में उनके दौरों ने भाजपा के वोट बैंक को मजबूती दी थी. सीएम योगी ने पुरुलिया, बांकुड़ा और मेदिनीपुर जैसे क्षेत्रों के कई विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार किया था. उनकी रैलियों ने ध्रुवीकरण और हिंदुत्व के मुद्दे को हवा दी थी.
‘4 मई, दीदी गई’ नारे की गूंज
सीएम योगी ने साल 2021 की एक रैली में ही नारा दिया था ‘2 मई, दीदी गई’. यह नारा काफी सुर्खियां बटोरा था. इस बार भी उसी तर्ज पर ‘4 मई, दीदी गई’ वाले नारे की गूंज है.
इन मुद्दों को लेकर चुनावी दौरा!
योगी आदित्यनाथ अक्सर अपने भाषणों में कहते हैं, ‘यूपी में अपराधी या तो जेल में हैं या राम नाम सत्य हो गया है.’ बंगाल में भाजपा इसी मॉडल को पेश करना चाहती है. उनके संभावित बयानों में ‘संदेशखाली का बदला’, ‘घुसपैठियों पर बुलडोजर’ और ‘दुर्गा पूजा पर पाबंदी’ जैसे मुद्दे शामिल हो सकते हैं. ‘हिंदुत्व’ और ‘अवैध घुसपैठ’ के मुद्दों को लेकर 12 अप्रैल से सीएम योगी का पश्चिम बंगाल का चुनावी दौरा शुरू होगा.
यूपी के बुलडोजर मॉडल की वजह से लगातार सीएम योगी की मांग पश्चिम बंगाल की कई विधानसभा में की जा रही है. ऐसे में देखना होगा कि 2021 की तरह इस बार भी योगी के भाषण ममता बनर्जी के अभेद्य किले में सेंध लगा पाएंगे.
पश्चिम बंगाल में कब है चुनाव?
पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के वोटिंग दो फेज में होगी. चुनाव आयोग के शेड्यूल के मुताबिक, पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को है. वहीं, चुनाव के परिणाम 4 मई को सामने आएंगे.
