उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में थप्पड़ गैंग एक्टिव हुई है. कुछ लोग बाइक पर सवार होकर आते हैं और राह चलते लोगों को जोरदार थप्पड़ मारकर फरार हो जाते हैं. पुलिस ने एक पीड़ित की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है.
मुजफ्फरनगर में थप्पड़ गैंग एक्टिव
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक नई गैंग एक्टिव हुई है. जिले में इस समय थप्पड़ गैंग का आतंक बढ़ता जा रहा है. जानकारी के मुताबिक रात के अंधेरे में गैंग के लोग बाइक पर सवार होकर आते हैं और रास्ते में चलने वाले लोगों को थप्पड़ या किसी दूसरी चीज से मारकर फरार हो जाते हैं. इस गैंग के कारण लोगों के अंदर काफी खौफ बैठ गया है.
राह चलते युवक को मारा जोरदार थप्पड़
आपको बता दें कि हाल ही में 2 दिनों पहले बाइक सवार कुछ युवकों ने रास्ते में चल रहे एक युवक को जोरदार थप्पड़ मारा था. जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे. यह पूरी घटना पास के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. जिसके बाद में यह वीडियो सोशल मीाडिया पर काफी वायरल हो गया. जिसके बाद पीड़ित ने इस मामले में पुलिस को शिकायत की है.
मंदिर से घर वापस लौट रहा था युवक
पीड़ित युवक ने वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस से इसकी शिकायत की. जिसके बाद मामले में जांच शुरू हो गई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोशिश होने लगी. जानकारी के मुताबिक नगर कोतवाली क्षेत्र के गऊशाला मोहल्ले में रहने वाला दीपक नाम का युवक 2 दिनों पहले शाम के समय मंदिर से अपने घर पर वापस लौट रहा था.
एक थप्पड़ में नाक से आया खून
युवक मंदिर से लौट रहा था इसी दौरान पीछे से 2-3 युवक बाइक से आए और युवक के जोरदार थप्पड़ मार दिया. दीपक के मुताबिक थप्पड़ इतनी तेज था कि उसकी नाक से खून आने लगा. आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक इससे पहले भी बाइक सवार कुछ युवक काफी लोगों के थप्पड़ या फिर बेल्ट से मार चुके हैं.
यह भी पढ़ें- खिलौना कार बनने वाली थी ‘मौत का सामान’! लखनऊ से गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ में बड़ा खुलासा
