सीवान से एक बड़ा मामला सामने आ रहा है. दरअसल, यहां पर 11 अप्रैल दिन शनिवार को एक युवा मोबाइल टावर पर चढ़ गया. मामला मोहद्दीपुर गांव के मुफस्सिल थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. हालांकि, शुरू में सब को मामला साधारण लगा, लेकिन जैसे ही लोगों को व्यक्ति के मोबाइल टावर पर चढ़ने की वजह पता लगी तो भीड़ इकट्ठा होने लगी.
भाई की संदिग्ध मौत
दरअसल, टावर पर चढ़े सैफ अनवर अली के भाई की कई महीनों पहले संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी. जानकारी के अनुसार सैफ के छोटे भाई फैज अनवर अली को 31 जुलाई के दिन पर पुलिस पकड़ कर ले गई थी. उसे चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. जेल जाने के 48 घंटे बाद परिवार वालों को बेटे की मौत की खबर मिलती है. मामले को 8 महीने बीत चुके है.
जेल में जाने के थोड़े घंटे बाद मौत
परिवार वालों का कहना हैं कि फैज ने फांसी नहीं लगाई है बल्कि उसकी हत्या की गई है. अभी तक उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने नहीं आई है. पुलिस की तरफ से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है. एक तरफ टावर पर बड़ा भाई चढ़कर अपने छोटे भाई की मौत के लिए गुहार लगा रहा था. तो वहीं, नीचे परिवार और गांव वाले पोस्टर के जरिए इंसाफ की मांग करते दिखाई दिए.
मामले की जानकारी मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने सभी को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी बातों को समझ नहीं रहा था. सभी पुलिस से जवाबदेही मांगते दिखाई दे रहे थे.
