UP Weather Update: मौसम विभाग (IMD) ने साफ कर दिया है कि अब ‘कूल-कूल’ दिन खत्म हो गए हैं और ‘धूप’ का प्रचंड प्रहार शुरू होने वाला है. आज यानी12 अप्रैल को यूपी के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी के साथ-साथ तेज पछुआ हवाएं चलेंगी, जो शरीर को झुलसाने वाली लू का अहसास कराएंगी.मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 12 अप्रैल से लखनऊ, कानपुर और आगरा समेत कई जिलों में पारा 40°C के पार जा सकता है. मौसम विभाग ने कहा है कितेज पछुआ हवाओं के कारण शरीर झुलसाने वाली ‘लू’ चलने का अलर्ट जारी किया गया है. नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश का दौर थम चुका है.
आज कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में आज के मौसम की बात करें तो ये मुख्य रूप से शुष्क और सुहावना रहेगा. प्रदेश में बारिश की गतिविधि कम हो जाएगी, लेकिन दिन में तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार 12 अप्रैल को यूपी के कई जिलों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी. मौसम विभाग ने बताया कि मौसम साफ रहने से धूप की तल्खी बढ़ेगी और दिन में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है. फिलहाल, न्यूनतम तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास होगा.
इन जिलों में ‘लू’ का अलर्ट
मौसम विभाग ने मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बरेली, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में दोपहर के समय लू (तेज गर्म हवा) चलने का अलर्ट जारी किया है. तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर महसूस किया जाएगा. लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
लखनऊ और कानपुर का मौसम
राजधानी लखनऊ में आज का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, लेकिन आने वाले हफ्ते में यह 40 डिग्री के पार चला जाएगा. वहीं कानपुर में भी आसमान साफ रहने से तेज धूप खिलेगी. प्रयागराज और वाराणसी में भी गंगा किनारे की नमी अब उमस में बदल सकती है क्योंकि हवा की दिशा बदलने और आसमान साफ रहने से सूरज की किरणें सीधे जमीन पर असर डालेंगी.नोएडा और गाजियाबाद में बारिश का दौर पूरी तरह खत्म हो चुका है. मौसम विभाग के संकेत साफ हैं कि अब यहां भीषण गर्मी झेलने के लिए तैयार हो जाएं. 12 अप्रैल को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तेज धूप के साथ शुष्क हवाएं चलेंगी. 13 अप्रैल से वेस्ट यूपी के इन शहरों में गर्मी अपना असली रंग दिखाना शुरू करेगी.
क्यों बढ़ रही है अचानक इतनी गर्मी?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में कोई भी नया ‘वेदर सिस्टम’ सक्रिय नहीं है. जब आसमान में बादल नहीं होते, तो सूरज की किरणें सीधे धरती पर आती हैं, जिससे सतह जल्दी गर्म हो जाती है. 12 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री की क्रमिक वृद्धि देखी जाएगी. उत्तर और पश्चिमी दिशा से आने वाली हवाएं अब ठंडी नहीं बल्कि गर्म होकर आएंगी, जिससे लू जैसी स्थिति पैदा होगी.
