Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में रविवार को कहीं-कहीं हल्की बारिश और 3800 मीटर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के संभावना है. वहीं, अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा. इसकी वजह से मैदानी इलाकों के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिनों तक नया कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव रहेगा, जिसके असर से ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां दर्ज की जाएंगी. खासकर, चमोली, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फ गिरने का अलर्ट है.
आज का मौसम
देहरादून क्षेत्र की भारतीय मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल हल्का कोहरा और आंशिक बादल छाए हुए हैं. तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, हालांकि दिन और रात के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है. पहाड़ी जिलों में आज बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है. इनमें उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ शामिल है. आईएमडी के मुताबिक, इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है.
देहरादून का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान करीब 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है यानि रात के समय मौसम परिवर्तन होने की संभावना है, जिससे ठंडक बढ़ेगी.
हल्की बारिश के आसार
राज्य के मैदानी इलाकों जैसे देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में आज आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या गरज-चमक वाले बादल बनने की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में दिन के समय धूप भी निकल सकती है, लेकिन बीच-बीच में बादल और हल्की फुहारें मौसम को बदलते रहेंगे. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से आंशिक रूप से बादलयुक्त और शुष्क रहेगा. हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना बनी रह सकती है. मैदानी इलाकों में धूप और हल्की धुंध का मिश्रित असर देखने को मिलेगा.
पश्चिमी विक्षोभ हुआ कमजोर
पिछले कई दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर हो गया है, जिससे कई दिनों से जारी बारिश, ओलावृष्टि और पहाड़ों पर बर्फबारी का सिलसिला भी धीरे-धीरे थमने लगा है. मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, अब प्रदेशवासियों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने वाली है.
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है, जिससे दिन के समय गर्मी का असर बढ़ेगा, जबकि रातें अभी भी थोड़ी ठंडी बनी रहेंगी. प्रशासन ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है.
